प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेते लोकसभा अध्यक्ष
- फोटो : अमर उजाला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को जिला परिषद सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली। इसमें कोटा विकास प्राधिकरण, नगर निगम उत्तर एवं दक्षिण के साथ ही पीचएचईडी के अमृत 2.0 से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि दोनों निगम एवं कोटा विकास प्राधिकरण साथ मिलकर मास्टर प्लान बनाएं, जिससे कोटा शहर को हरा भरा और खूबसूरत बनाया जा सके और यहां की सड़कें अच्छी बनाई जा सकें। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था रखना निगम का प्रमुख कार्य है, उसे और अधिक बेहतर बनाने के लिए जनभावना के अनुरूप विभिन्न सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएं।
बिरला ने दोनों नगर निगमों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसा सिस्टम तैयार किया जाए जिसमें आवारा पशु की समस्या, सीवरेज की सफाई, मृत पशु उठाने जैसी शिकायतें लोग अपने घर बैठे अपने मोबाइल पर उपलब्ध एप से कर सकें और उनका समाधान भी समय पर हो। इन कार्यों के लिए किसी को निगम के दफ्तर नहीं आना पड़े। उन्होंने थड़ी, ठेले वालों को व्यवस्थित कर उनके लिए जगह चिन्हित करने के निर्देश दिए। ताकि यातायात में व्यवधान उत्पन्न नहीं हो।
बिरला ने शहर को हरा-भरा बनाने तथा पौधारोपण के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार करने, श्मशान घाटों के विकास एवं वहां क्रियाकर्म के लिए आने वालों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्ट्रीट लाइट के व्यवस्थित संचालन, शहर को आवारा पशु मुक्त बनाने, सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के संबंध में निर्देश दिए। बिरला ने कहा कि गरीब एवं आवासहीन व्यक्तियों का सर्वे कर सूची बनाएं और उनके लिए अफॉर्डेबल हाउसिंग स्कीम तैयार करें। उन्होंने कहा कि आवासहीन व्यक्तियों के लिए कम से कम लागत में मकान तैयार किए जाएं ताकि उन्हें छत उपलब्ध कराई जा सके। बैठक में कोटा विकास प्राधिकरण के आयुक्त रिशव मंडल ने प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित नवीन विकास परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी।