सुसाइड नोट लिख प्रकाश ने की खुदकुशी
कोटा शहर के नयापुरा थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एडीएम सिटी ऑफिस में कार्यरत एलडीसी कर्मचारी प्रकाश स्वामी ने अपने सरकारी क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें प्रकाश ने अपने प्यार को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। इस घटना के बाद से परिजनों और परिचितों में गहरा शोक है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
सुसाइड नोट में लिखा दर्द
पुलिस के अनुसार, मृतक प्रकाश स्वामी मूल रूप से अलवर का निवासी था और 2020 से कोटा में पोस्टेड था। मौके से मिले सुसाइड नोट में उसने लिखा कि मैं प्रकाश होश-हवास में बयान कर रहा हूं। मैं अपनी जिंदगी में प्यार के मारे भटक-भटक कर मर रहा हूं। मेरी मौत का जिम्मेदार सिर्फ मेरा प्यार है। मैंने प्यार किया और उसने मेरा इस्तेमाल किया। इस चक्रव्यूह में जीएसटी इंस्पेक्टर युवक-युवती और युवती का परिवार शामिल है। इन सबने मुझे चाय का कप समझा और काम खत्म होने पर फेंक दिया। इन सबको सजा मिलनी चाहिए। मैं मेरे परिवार का सहारा था, इन्होंनें छीन लिया। इस नोट के सामने आने के बाद पुलिस ने उसे महत्वपूर्ण सुराग मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के आरोप
प्रकाश के छोटे भाई गोपाल ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि जिस युवती का नाम सुसाइड नोट में है, वह अलवर की रहने वाली है और प्रकाश के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करती थी। जून 2020 में प्रकाश को नौकरी मिल गई, जबकि 2023 में युवती को भी किसी दूसरे राज्य में जीएसटी विभाग में इंस्पेक्टर पद पर पोस्टिंग मिली। वहीं परिजनों का कहना है कि नौकरी लगने के बाद युवती का संपर्क उसके विभाग में कार्यरत एक युवक से हो गया और इसके बाद से वह प्रकाश को लगातार परेशान करने लगी।
यह भी पढ़ें- Bharatpur News: बस में बैठकर स्कूल जा रहा था मासूम, अचानक हुआ हादसा, पांच बहनों के इकलौते भाई ने दम तोड़ा
घटना से पहले हुआ था वीडियो कॉल
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि आत्महत्या से ठीक एक दिन पहले गुरुवार को भी प्रकाश को उस युवती का वीडियो कॉल आया था। आसपास के लोगों का कहना है कि वह मानसिक रूप से काफी तनाव में दिख रहा था।
नयापुरा थाना अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि मृतक का शव मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मृतक के छोटे भाई की शिकायत और सुसाइड नोट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस उन नामों की तस्दीक कर रही है जो नोट में दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: नागौर में मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक को बाइक ने मारी टक्कर, मौके पर मौत; परिजनों में कोहराम