शहर के गुमानपुरा थाने में ड्यूटी ज्वाइन कराने को लेकर दो हेड कांस्टेबलों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक ने दूसरे के सिर पर हथौड़ी से वार कर दिया। घायल पुलिसकर्मी को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी हेड कांस्टेबल बलवीर सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) योगेश शर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हेड कांस्टेबल सुंदर यादव और हेड कांस्टेबल बलवीर सिंह के बीच ड्यूटी ज्वाइन कराने को लेकर विवाद हुआ। दरअसल बलवीर 1 जनवरी से ड्यूटी ज्वाइन करने की कोशिश कर रहा था, जब उसने सुंदर यादव से ड्यूटी ज्वाइन कराने को कहा तो सुंदर ने उसे वर्दी पहनकर आने की बात कही, इसी बात पर दोनों के बीच बहस हो गई। इस दौरान बलवीर ने सुंदर के सिर पर हथौड़ी से हमला कर दिया, जिससे सुंदर घायल हो गया। उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब स्थिर है।
घटना के बाद कोटा शहर पुलिस अधीक्षक ने बलवीर सिंह को सस्पेंड कर बलवीर के खिलाफ राजकार्य में बाधा और मारपीट का मामला दर्ज किया है। उच्च अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और बलवीर के खिलाफ अनुशासनहीनता की कार्रवाई भी की जाएगी।