जिले के सिमलिया थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में प्रयागराज से मंदसौर जा रही स्लीपर बस खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को ग्रामीण और शहरी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे, जो प्रयागराज से स्नान कर वापस मंदसौर लौट रहे थे। हादसा दिल्ली-मुंबई 8 लेन हाईवे पर करोड़िया गांव के पास हुआ, जब तेज रफ्तार बस अचानक खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
सिमलिया थाने के एएसआई हरिराज सिंह ने बताया कि बस में सवार सभी यात्री मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के रहने वाले थे। हादसे में अब तक तीन यात्रियों की मौत हो चुकी है, जिनके शवों को मोर्चरी में शिफ्ट करवाया गया है। वहीं घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है।
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और मौके पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन की मदद से बस और ट्रक को हाईवे से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू रूप से शुरू हो सका।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस तेज गति से चल रही थी और चालक संभवतः झपकी लेने के कारण वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस बस ड्राइवर से भी पूछताछ कर रही है और मृतकों की पहचान करने में जुटी है।