राजस्थान के कोटा में भाजपा के प्रदेश महामंत्री ओर रामगंजमंडी विधायक मदन दिलावर ने प्रशासन गांवों के संग शिविर में सैकड़ों की संख्या में मौजूद लोगों के सामने कांग्रेस गहलोत सरकार की योजनाओं का बखान करने वाली पूर्व जिला परिषद सदस्य हेमलता बेरवा के साथ अभद्र व्यवहार किया। महिला कांग्रेस नेता को दिलावर ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। कांग्रेस महिला नेता ने भी दिलावर को उसी भाषा में जवाब दिया।
जानकारी के मुताबिक हेमलता बेरवा रामगंजमंडी क्षेत्र के सातलखेड़ी गांव में लगे प्रशासन गांव के संग अभियान शिविर में पहुंची थीं। भाजपा नेता दिलावर की बराबरी में हेमलता शिविर में बैठी हुई थीं। सातलखेड़ी सरपंच सुषमा गोठवाल के साथ वह शिविर में गई थीं। हेमलता ने अपनी पार्टी की सरकार की योजनाओं का बखान किया तो मदन दिलावर भड़क गए। उन्होंने सरकार की योजनाओं को गलत ठहराया। इसी बात पर दोनों में जमकर बहसबाजी हुई। इसी दौरान दिलावर ने अपशब्द कहे।
उन्होंने हेमलता को सैकड़ों की संख्या में मौजूद लोगों के बीच फटकार लगाते हुए शिविर से चले जाने को कहा। इस दौरान रामगंजमंडी कार्यवाहक एसडीएम राजेश डागा भी मौजूद थे। सोशल मीडिया पर यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। कांग्रेस पार्टी अपने संगठन की महिला नेता के साथ हुए अपमानजनक हरकत का कैसे जवाब देती है इस पर सबकी नजरें हैं। निवर्तमान कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष सरोज मीणा ने पूरे मामले को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा नेता मदन दिलावर महिलाओं का सम्मान करना नहीं जानते।
सवाई माधोपुर जिला कलेक्ट्रेट के सामने छात्रों का सद्बुद्धि यज्ञ
सवाई माधोपुर जिला कलेक्ट्रेट के समक्ष विगत सात दिनों से धरने पर बैठे महाराजा हम्मीर जमुवाय कॉलेज के छात्रों ने आज कलेक्ट्रेट के समक्ष धरना स्थल पर सद्बुद्धि यज्ञ कर कॉलेज की मान्यता रद्द करने की कामना की। अपनी 11 सूत्री मांगों को लेकर कॉलेज के छात्र छात्राएं विगत 15 दिनों से आंदोलनरत हैं। छात्र-छात्राओं का कहना है कि कॉलेज प्रशासन द्वारा कॉलेज में भ्रष्टाचार किया जा रहा है और विभिन्न मदों के नाम पर उनसे अवैध वसूली की जा रही है। इनका कहना है कि जब तक कॉलेज की मान्यता रद्द नहीं की जाती, तब तक छात्र छात्राओं का आंदोलन व धरना जारी रहेगा और आगामी दिनों में जिला मुख्यालय पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।