फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खुर्शीद बोले, तनाव कम करने को पाक ने दिए संकेत

Fri, 18 Jan 2013 08:02 PM IST
जयपुर/एजेंसी
विज्ञापन
विज्ञापन
विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने शुक्रवार को कहा कि जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में भारतीय सैनिक का सिर काटकर ले जाने की घटना के बाद नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर व्याप्त तनाव को कम करने के लिए पाक की ओर से सकारात्मक संकेत मिले हैं। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान की ओर से विदेश मंत्री स्तरीय वार्ता का औपचारिक प्रस्ताव आता है तो उस पर विचार किया जाएगा।
विज्ञापन


कांग्रेस के चिंतन शिविर में आए खुर्शीद ने पाक विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार की ओर से बातचीत की पेशकश के बारे में पूछे जाने पर कहा कि यह एक सकारात्मक और स्वागत योग्य पेशकश है, लेकिन इस बारे में कोई निर्णय सीमा पार से औपचारिक प्रस्ताव आने पर ही लिया जाएगा।

एक सवाल के जवाब में खुर्शीद ने मीडिया से कहा कि आप सख्त और नरम रुख जैसे शब्द का उपयोग न करें। पाकिस्तान की विदेश मंत्री और नई दिल्ली में पाकिस्तान के उच्चायुक्त की ओर से दिए गए बयान में सकारात्मक संकेत दिए गए हैं।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि पाक की ओर से आए सकारात्मक संकेत का स्वागत है और भारत इस पर उचित जवाब देगा। वैसे एक दिन पहले ही खुर्शीद ने कहा था कि इस तरह के तनावपूर्ण माहौल में दोनों देशों के बीच विदेश मंत्री स्तर की वार्ता नहीं हो सकती।

इस महीने की 8 तारीख को एलओसी पर दो जवानों की हत्या के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में विदेश मंत्री ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। सीमा पर जो कुछ भी हुआ उसे लेकर हम काफी चिंतित हैं। साथ ही खुर्शीद ने कहा कि सरकार समस्या के समाधान का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि सीमा पर हालात और न बिगड़ें। शांति प्रक्रिया के मुद्दे पर विदेश मंत्री ने कहा कि विश्व में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका के लिए यह रणनीतिक रूप से काफी जरूरी है और समय-समय पर होने वाली घटनाओं के मद्देनजर इसके महत्व को कम करके नहीं आंका जा सकता।

खुर्शीद ने कहा कि एलओसी की घटना से हमें गहरा दुख पहुंचा है, लेकिन हमें उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच व्याप्त समस्याओं का समाधान निकाल लिया जाएगा। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी चाहते हैं कि स्थिति नियंत्रण में रहे और भारत की सभी शिकायतों पर उचित कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें