केकड़ी में चौसला कॉलोनी के पास रविवार को कालबेलिया समाज के लोगों ने कथित तौर पर एक युवक पर महिला से छेड़छाड़ करने के आरोप लगाते हुए केकड़ी-बघेरा-टोड़ा मार्ग पर जाम लगा दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। समाज के लोगों का आरोप है कि एक युवक द्वारा उनकी बस्ती में अवैध बजरी स्टॉक किया जा रहा है और वह महिलाओं के साथ गाली-गलौच कर उन्हें परेशान करता है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि युवक कालूराम मीणा (30) बजरी माफिया से जुड़ा हुआ है और प्रशासन में ऊंचे संपर्कों का डर दिखाकर खुलेआम दादागिरी करता है। उनका कहना है कि आरोपी युवक लगातार समुदाय के लोगों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था और विरोध करने पर धमकियां देता था। पीड़ित परिवारों का आरोप है कि उसने अपने रसूख के चलते कई बार पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से भी रोका और समाज के लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही केकड़ी सिटी थाने के एएसआई राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद समाज के लोगों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया और मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया।
प्रदर्शन के दौरान कालबेलिया समाज के लोगों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपकर मांग की कि प्रशासन आरोपी युवक पर सख्त कार्रवाई करे और बजरी माफिया से जुड़े ऐसे असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे।