भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिन के दौरे पर राजस्थान आ रहे हैं। वह 10 और 11 मई को किसान बहुल हनुमानगढ़ व श्रीगंगानगर जिले का दौरा करेंगे। इसी दिन श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ शहर में बीकानेर संभाग के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे।
गुरुवार को संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दोनों जिलों का दौरा कर कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही पार्टी के नेताओं को आवश्यक निर्देश भी दिए। भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने बताया कि जेपी नड्डा के दौरे का उद्देश्य संभाग के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को जोश से भरना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में जनता परेशान है। कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है। सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है। पार्टी अध्यक्ष नड्डा इन सभी मुद्दों पर पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे।
सूरतगढ़ में 10 मई को कार्यक्रम
जेपी नड्डा 10 मई को हेलीकॉप्टर से श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ शहर पहुंचेंगे। यहां बीकानेर संभाग से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं के एक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसमें बीकानेर शहर-देहात, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिले के बूथ अध्यक्ष से लेकर सभी नेता, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इस सम्मेलन में 10 हजार कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने का दावा किया जा रहा है।
सूरतगढ़ से हनुमानगढ़ तक रोड शो करेंगे
सम्मेलन को संबोधित करने के बाद नड्डा देर शाम हनुमानगढ़ के लिए रवाना होंगे। वह कार से 50 किमी लंबा रास्ता तय कर हनुमानगढ़ पहुंचेंगे। इस दौरान उनके साथ भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों का बड़ा काफिला भी होगा। विभिन्न मंडलों के कार्यकर्त और पदाधिकारी रास्ते में नड्डा का स्वागत करेंगे। रोड शो का यह कार्यक्रम हनुमानगढ़ पहुंचने के बाद समाप्त होगा।
पार्टी कर्यालय का करेंगे लोकार्पण
अगले दिन 11 मई को जेपी नड्डा हनुमानगढ़ के प्रसिद्ध भद्रकाली मंदिर और गुरुद्वारे में जाएंगे। इसके बाद वह जिले में बने भाजपा के नए कार्यालय का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान वह अन्य जिलों में बनाए गए कार्यालयों का वर्चुअल तरीके से लोकार्पण करेंगे। इस दौरान वह एक पारिवारिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
इससे पहले दो अप्रैल को सवाई माधोपुर आए थे नड्डा
भाजपा अध्यक्ष का यह दौरा 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तरी राजस्थान में पार्टी का आधार मजबूत करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले दो अप्रैल को उन्होंने सवाई माधोपुर जिले में एक एसटी सम्मेलन को संबोधित किया था। जिसमें पूर्वी राजस्थान के भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया था।