कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने दी जानकारी।
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा कल गुरुवार को जयपुर दौरे पर आ रहे हैं। वे यहां भाजपा के आपणो राजस्थान- 'सुझाव आपका संकल्प हमारा' अभियान की शुरुआत करेंगे। बिड़ला ऑडिटोरियम में दोपहर एक बजे नड्डा 51 रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इसे लेकर बुधवार शाम को कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने बताया कि भाजपा संकल्प पत्र समिति द्वारा जनता से सुझाव लेने के लिए ‘आपणो राजस्थान सुझाव आपका संकल्प हमारा’ नाम से एक आऊटरीच कार्यक्रम बनाया है। इस कार्यक्रम की लॉचिंग भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को बिड़ला ऑडिटोरियम में दोपहर एक बजे करेंगे। वे 51 रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे जो पूरे प्रदेश में घूमेंगे। जनसहभागिता के तहत चलाए जा रहे इन रथों के साथ जिला संयोजक और संकल्प पत्र समिति के सह-संयोजक रहेंगे।
मेघवाल ने बताया कि इन सभी रथों में आकांक्षा पेटी रखी जाएगी, जिसमें लोग अपने सुझाव लिखकर डाल सकते हैं। यह कार्यक्रम 20 दिन का होगा जिसमें समाज के सभी वर्गों से सुझाव लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा एक टोल फ्री नंबर और वेबसाइट भी जारी करेंगे। इसके जरिए भी सुझाव दिए जाएंगे। इन सभी सुझावों के आधार पर भाजपा अपना संकल्प पत्र तैयार करेगी।