जोधपुर के झालामंड इलाके में देर रात एक प्रॉपर्टी डीलर की उसके घर के बाहर हत्या कर दी गई। यह घटना झालामंड के मोती मार्केट में हुई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। हत्या के विरोध में बड़ी संख्या में लोग कुड़ी भगतासनी थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रॉपर्टी डीलर चंदन सिंह अपने कुछ साथियों के साथ किसी पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी खत्म होने के बाद एक युवक का मोबाइल चंदन सिंह की गाड़ी में छूट गया। जब युवक ने फोन करके अपना मोबाइल वापस मांगा, तो चंदन सिंह ने सुबह देने की बात कही।
ये भी पढ़ें: Ajmer News: बिना नोटिस मकान तोड़ने और डॉक्टर से बदतमीजी के आरोप में घिरा अजमेर प्रशासन, हड़ताल की चेतावनी
इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया जो जल्द ही गाली-गलौच और मारपीट में बदल गया। इसके बाद कुछ युवक देर रात चंदन सिंह के घर पहुंचे और बहस करने लगे। देखते ही देखते आरोपियों ने चंदन सिंह पर हमला कर दिया। इस दौरान उनके छोटे भाई भवानी सिंह भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन हमला इतना अचानक और तेज था कि चंदन सिंह को बचाया नहीं जा सका।
अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद केवल मोबाइल को लेकर था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश या पैसों का मामला भी हो सकता है। जांच के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
हत्या की खबर मिलते ही स्थानीय लोग भारी संख्या में कुड़ी भगतासनी थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का आरोप है कि घटना स्थल के पास ही झालामंड पुलिस चौकी है, फिर भी रात्रि गश्त में लापरवाही बरती गई। इधर पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।