एबीवीपी प्रांत मंत्री पूनम भाटी ने मामले को बताया साजिश
- फोटो : अमर उजाला
जोधपुर के जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के नए परिसर में सोमवार को एमए हिंदी द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान नकल का मामला सामने आया। इस प्रकरण में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की प्रांत मंत्री पूनम भाटी का नाम जुड़ने से विवाद गहरा गया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने जारी किया प्रेस नोट
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से केंद्र अधीक्षक प्रो. सुशीला शक्तावत ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि परीक्षा कक्ष में एक छात्र और एक छात्रा नकल करते हुए पकड़े गए। छात्र के पास मोबाइल मिला, जिस पर नकल का मामला बनाया गया। वहीं छात्रा को परीक्षा कक्ष में बातचीत करने पर पकड़कर प्रकरण दर्ज किया गया।
एबीवीपी ने की आंतरिक जांच की घोषणा
मंगलवार को एबीवीपी जोधपुर प्रांत के कार्यालय मंत्री रमेश गोदारा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इस घटना पर संबंधित छात्रा कार्यकर्ता से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष की अनुमति से पूरे मामले की जांच आंतरिक समिति से कराने का निर्णय लिया गया है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Politics: BJP नेता मदन राठौड़ का कांग्रेस पर जुबानी हमला, सोनिया गांधी को बताया असली वोट चोर
पूनम भाटी ने साजिश का लगाया आरोप
दिनभर चले घटनाक्रम के बीच रात को पूनम भाटी खुद सामने आईं। एबीवीपी ने सोशल मीडिया पर उनका वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि वह किसी भी कदाचार में शामिल नहीं हैं। भाटी ने इसे महिला विरोधी मानसिकता बताते हुए कहा कि उन्हें संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने से रोकने के लिए साजिशन फंसाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि यह जानबूझकर रचा गया षड्यंत्र है।
एनएसयूआई ने किया प्रदर्शन
इस पूरे प्रकरण के बीच एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया और परीक्षा केंद्र की अधीक्षक को हटाने की मांग की। विवाद बढ़ने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और संगठनों की ओर से मामले पर लगातार बयानबाजी होती रही।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: विशालकाय चमगादड़ देख सहमे ग्रामीण, लोमड़ी जैसा चेहरा और 5 फीट चौड़े पंख; कितना है खतरनाक?