Salman Deer Hunting Case: जोधपुर के वर्ष 1998 से बहुचर्चित सलमान हिरण शिकार मामले में अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र बुड़िया का बड़ा बयान सामने आया है। ये बयान सलमान खान की दोस्त सोमी अली के बिश्नोई समाज से माफी मांगने के बाद आया है।
देवेंद्र बुड़िया ने कहा कि 27 साल पुराने मामले में बिश्नोई समाज सलमान खान को माफ कर सकता है। बशर्तें वह मंदिर पर आकर शपथ लेकर माफी मांगें। पर्यावरण और वन्य जीवों की सुरक्षा को लेकर शपथ ले तो विश्रोई समाज उसे माफ भी कर सकता है।
सोमीअली के माफी मायने नहीं
बुड़िया ने कहा है कि समाज के प्रबुद्धजन आपस में बैठकर ये निर्णय ले सकते हैं कि सलमान को माफ किया जा सकता है या नहीं। अगर सलमान खान मंदिर में आकर खुद माफी मांगे तो बात बनेगी। सोमीअली की माफी मायने नहीं रखती है, इससे पहले भी सार्वजनिक माफी मांगी गई थी।
नियमों के अनुसार कर सकते हैं माफ
बुड़िया ने कहा कि बिश्नोई समाज अपने 29 नियमों के तहत उन्हें माफी दे सकता है। गलती करने पर क्षमा का भी प्रावधान है। सोमीअली के माफी मांगने को लेकर बुड़िया ने आपत्ति जताते हुए बुड़िया ने कहा कि यदि सलमान खुद प्रस्ताव लाकर माफी मांगता है तो समाज अपने नियमों के अनुसार माफ कर सकता है।