भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसएलबीएस बी.एड. कॉलेज, जोधपुर की लेक्चरर मीनाक्षी को 15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। एसीबी मुख्यालय, जयपुर के निर्देश पर एसीबी चौकी, जोधपुर शहर की टीम ने यह कार्रवाई की।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक डॉ. रवि प्रकाश मेहरडा ने बताया कि जोधपुर इकाई को शिकायत मिली थी कि लेक्चरर मीनाक्षी की ओर से बीएड प्रथम वर्ष की एक छात्रा से उपस्थिति पूरी करने और इंटर्नशिप के लिए रिलीविंग लेटर जारी करने के बदले 15 हजार की रिश्वत मांगी जा रही है।
ये भी पढ़ें- राजस्थान में निकली डिप्टी कमांडेंट की भर्ती, पूर्व कैप्टन के लिए शानदार मौका; इस दिन से भरें फॉर्म
शिकायत की पुष्टि के बाद उप महानिरीक्षक हरेन्द्र महावर के सुपरविजन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के नेतृत्व में एसीबी टीम ने कार्रवाई की। निरीक्षक सुनिता कुमारी और उप अधीक्षक किशन सिंह चारण के साथ टीम ने जाल बिछाया और लेक्चरर मीनाक्षी को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।