कुंभाराम और संतोष प्रजापत का फाइल फोटो
- फोटो : social media
डूंगरपुर मार्ग पर स्थित नर्सरी मोड़ पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां हुए हादसे में एक जीप ने सड़क किनारे बाइक लेकर खड़े तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं तीसरा युवक घायल हो गया। हादसे में घायल जोधपुर के कड़ियाली निवासी पेपाराम ने बताया कि सुबह छह बजे जोधपुर के कुडिय़ाली निवासी संतोष (21) एवं जोधपुर के चाड़ी निवासी कुंभाराम (23) सड़क किनारे बाइक लेकर खड़े हुए थे। संतोष प्रजापत को कुंभाराम छोड़ने आया था।
इसी दौरान सागवाड़ा की ओर से एक जीप चालक तेज रफ्तार में आया। चालक ने जीप से अपना नियंत्रण खोते हुए सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक पर बैठे संतोष और कुंभाराम सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों के सिर पर चोटें आई। पेपाराम ने बताया वहीं पास में वह भी खड़ा था। हादसे में उसे भी चोट आई हैं। संतोष और कुंभाराम को राजकीय चिकित्सालय में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस निरीक्षक हिमांशु सिंह के अनुसार दोनों के शव का पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया है। सूचना मिलने पर हेड कांस्टेबल सुरेश भोई एवं जीप चालक जगदीश मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। दोनों मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई थी। मृतकों के परिजन शाम करीब पांच बजे राजकीय चिकित्सालय में पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों का पोस्टमार्टम करवाया।