राजस्थान के शांत माने जाने वाले शहर जोधपुर में एक नई किस्म की ठगी का मामला सामने आया है, जिसने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शास्त्री नगर क्षेत्र में एक गिरोह द्वारा लोगों को ठगने की वारदात CCTV में कैद हुई है। गिरोह का तरीका बेहद शातिर है—वे राह चलते लोगों के पास जानबूझकर मोबाइल गिराते हैं और फिर उस पर टूटने का आरोप लगाकर दबाव बनाकर पैसे ऐंठ लेते हैं।
ठग सबसे पहले किसी राहगीर के सामने अपना टूटा हुआ या पुराना मोबाइल गिराते हैं। जैसे ही राहगीर उसे उठाता या नजरअंदाज करता है, ठग उस पर मोबाइल तोड़ने का आरोप लगाने लगते हैं। इसके बाद वे घेराबंदी कर डराते धमकाते हैं कि या तो पैसे दो या पुलिस बुलाएंगे। कुछ मामलों में भीड़ भी इकट्ठी कर ली जाती है, जिससे व्यक्ति मानसिक रूप से घबरा जाता है और पैसे देने को मजबूर हो जाता है। हाल ही में सामने आए एक CCTV वीडियो में इस तरह की वारदात स्पष्ट रूप से देखी गई है, जहां एक युवक को इसी तरीके से फंसाकर उससे पैसे वसूले जा रहे हैं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
ये भी पढ़ें:
तीन दिन के धरने के बाद मानी परिजनों की मांगें, समर्थन करने पहुंचे बेनीवाल, हत्या का मामला दर्ज
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं बीते कुछ समय से लगातार हो रही हैं, लेकिन अधिकतर लोग शर्म या डर की वजह से पुलिस में शिकायत नहीं करते। इससे गिरोह के हौसले और बुलंद हो रहे हैं। शास्त्री नगर थाना अधिकारी जुल्फिकार अली ने बताया कि CCTV फुटेज के सामने आने के बाद एक टीम को मौके पर भेजकर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि अभी तक इस मामले में किसी की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस अपनी ओर से कार्रवाई में जुटी है। पुलिस ने आमजन, खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। यदि किसी को ऐसी संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें।