स्वयंभू धर्मगुरु आसाराम बापू को सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराने के दो दिन बाद गुरुवार को वापस जोधपुर केंद्रीय जेल लाया गया। बता दें कि आसाराम को मंगलवार आधी रात को एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था और विस्तृत जांच के बाद छुट्टी दे दी गई थी।
हृदय रोग विशेषज्ञ संजीव संघवी ने बताया कि उन्हें सीसीयू में निगरानी में रखा गया था। संघवी ने कहा,'विस्तृत जांच के बाद, हमने उन्हें एंजियोग्राफी कराने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने यह कराने से फिलहाल इनकार कर दिया और बाद में कराने को कहा। इसलिए हमने उन्हें कुछ दवाएं दी हैं।'
अस्पताल अधीक्षक एमके असेरी के मुताबिक उनके ब्लैडर में संक्रमण था, जिसके बाद उन्हें एक यूरोलॉजिस्ट के पास रेफर कर दिया गया, जिन्होंने उन्हें एंटीबायोटिक लिख दिए। असेरी ने कहा कि दो दिन तक उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखने के बाद दोपहर में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
उल्लेखनीय है कि जब आसाराम को अस्पताल से जेल वापस लाया जा रहा था, तब बड़ी संख्या में उनके अनुयायी वहां जुट गए। इन्हें वहां से हटाने के लिए पुलिस को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आसाराम के कई अनुयाइयों ने तो मरीज बनकर अस्पताल में घुसने की कोशिश भी की।