एटीएस की कार्रवाई में भारी मात्रा में डेटोनेटर-जिलेटिन का जखीरा बरामद
- फोटो : अमर उजाला
जोधपुर में आतंकवाद निरोधक दस्ते ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की। एडीसीपी एटीएस दुर्ग सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान राजीव गांधी नगर, सूरसागर और ओसियां के चिरई इलाके में संदिग्ध ठिकानों और गोदामों की तलाशी ली गई।
सूत्रों के अनुसार एटीएस ने चार अलग-अलग स्थानों पर समन्वित कार्रवाई करते हुए कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, इलेक्ट्रिक रॉड, डेटोनेटर और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित क्षेत्रों की घेराबंदी कर आमजन की आवाजाही सीमित कर दी गई थी। मौके पर स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की अतिरिक्त टीमें भी तैनात रहीं।
प्रारंभिक जांच में बरामद सामग्री के अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि एटीएस पिछले काफी समय से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी और गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान कुछ दस्तावेज और अन्य संदिग्ध सामग्री भी मिली है, जिन्हें जांच के लिए जब्त किया गया है।
ये भी पढ़ें: डीग पुलिस ने खोला हाईटेक चोरी का राज; चार करोड़ के लैपटॉप के साथ शातिर गिरफ्तार, महाराष्ट्र में की थी वारदात
कार्रवाई के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। फिलहाल एटीएस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई, इसे कहां संग्रहीत किया गया था और इसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।
सूत्रों के मुताबिक एक आशंका यह भी जताई जा रही है कि विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल अवैध माइनिंग गतिविधियों में किया जाना था। हालांकि एटीएस अधिकारियों ने अभी तक मामले में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।