अजमेर के पुष्कर घाटी में सोमवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार रात खाटू श्याम मंदिर कमेटी के नाम पर रजिस्टर्ड तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने एक के बाद एक तीन बाइक सवारों को टक्कर मार दी थी। हादसे में 5 युवक घायल हुए थे, जिनमें धौलाभाटा निवासी रवि की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना को 36 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है लेकिन पुलिस अब तक आरोपी चालक को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस ने केवल गाड़ी जब्त कर कार्रवाई की औपचारिकता पूरी की है, जबकि घटना से जुड़े वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और मौके से मिले सबूत कई सवाल खड़े कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 9:45 बजे पुष्कर से अजमेर की ओर आ रही तेज रफ्तार कार ने घाटी क्षेत्र में पहले एक बाइक को टक्कर मारी, फिर दूसरी और तीसरी बाइक भी उसकी चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी और बाइक सवारों को काफी दूर तक घसीटती हुई ले गई। हादसे में रवि की मौत हो गई, जबकि उसके बहनोई जितेंद्र उर्फ सोनू सहित अन्य युवक घायल हुए हैं। दोनों पेंटिंग का काम करते थे।
ये भी पढ़ें: Ajmer News: महिला कांस्टेबल से दुष्कर्म का आरोपी सिपाही बर्खास्त, एसपी ने 25 हजार का इनाम किया घोषित
कार में मिली थीं शराब की बोतलें
पुलिस को हादसे वाली कार से शराब की बोतलों से भरा कार्टन मिला है। एक बोतल सीट पर खुली हालत में भी मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के समय कार के पास खाटू श्याम मंदिर का सदस्य दिग्विजय सिंह चौहान घायल अवस्था में दिखाई दिया और वह नशे में लग रहा था। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सूत्रों के अनुसार हादसे वाली कार पर ओवरस्पीडिंग के 9 चालान पहले से लंबित बताए जा रहे हैं। इसके बावजूद वाहन लगातार सड़कों पर दौड़ता रहा। इससे ट्रैफिक नियमों की पालना और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। मृतक रवि के पिता किशोर कुमार रेलवे से रिटायर्ड हैं। परिवार में चार बहनें हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। बेटे की मौत के बाद परिवार सदमे में है। परिजनों ने पुष्कर थाने में मामला दर्ज करवाया है।
अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि गाड़ी को जब्त कर लिया गया है और घटना से जुड़े वीडियो के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि गाड़ी से शराब की बोतलें मिलने की बात सही है, लेकिन वाहन कौन चला रहा था, इसकी जांच जारी है।
घटना के बाद लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि जब गाड़ी मौके से बरामद हो चुकी है, शराब की बोतलें मिल चुकी हैं, वीडियो सामने आ चुके हैं, प्रत्यक्षदर्शी नाम बता रहे हैं तो फिर आरोपी चालक अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर क्यों है?