तीन तलाक की वैधता और उपयोगिता को लेकर बेशक देशभर में बहस छिड़ी हो लेकिन इसके साइड इफेक्ट लगातार सामने आ रहे हैं। जोधपुर में एक पति ने बेटा पैदा न करने को लेकर अपनी पत्नी को बीच सड़क पर ही तलाक दे दिया।
मासूम बच्ची का हाथ हाथों में थामे महिला गिड़गिड़ाती रही लेकिन पति और उसकी मां पर उसके आंसुओं का कोई असर नहीं हुआ। दोनों में से कोई भी उसे दोबारा घर में रखने के लिए तैयार नहीं था, बेहाल महिला ने इस तलाक को मानने से ही इंकार करते हुए पति के घर के बाहर डेरा डाल दिया है।
राजस्थान के जोधपुर में यह सारा घटनाक्रम मंगलवार शाम को हुआ। शहर के शास्त्रीनगर में रहने वाले इरफान की शादी दस साल पहले फराह से हुई थी। बताया जाता है कि शुरूआत पांच छह सालों तक दंपति को कोई बच्चा नहीं हुआ। चार साल पहले एक बेटी हुई।
फराह का आरोप है कि शादी के बाद से ही लगातार उससे मारपीट की जाती रही। बेटी होने के बाद अत्याचारों का यह सिलसिला बढ़ गया। घरवाले चाहते थे कि बेटा पैदा हो लेकिन बेटी पैदा होने से उनके सारे अरमान मर गए।