इस दीवाली सावधान, राजस्थान में करीब 19 सौ किलो नकली मावा जब्त
- फोटो : demo
राजस्थान के राजसमंद में करीब 1900 किलो नकली मावा जब्त किया गया है। नकली मावा को बस की डिग्गी में पुराने कनस्तरों में ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्राइवेट बस पर छापेमारी कर कार्रवाई की। जब्त किए गए मावे को राजनगर में एक निजी कार्यालय में रखा गया है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग कार्रवाई कर रही है।
राजसमंद के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पंकज गौड़ ने बताया कि जब्त किए गए मावे को हाथ में लेने के बाद उसमें न तो कोई चिकनाई है और न ही बस ड्राइवर के पास इसके कोई कागजात या लाईसेंस मौजूद है। टीम ने सभी मावे को राजनगर में एक निजी कार्यालय पर रखवाकर कानूनी कार्रवाई शुरु कर दी है। लेकिन सूत्रों के अनुसार यह मावा दिवाली की मिठाइयां बनाने के लिए मंगवाया गया था, जबकि बस ड्राइवर से पूछताछ मे ब्यावर सहित अन्य दो स्थानों पर ऐसे ही मावे के पार्सल उतारे गए थे। इसके संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने ब्यावर के अधिकारियों को अवगत करवा दिया है। अब इस मावे के सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है, जबकि अन्य कार्रवाई जारी है।