जोधपुर में कांग्रेस नेता करण सिंह उचियारड़ा के मकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने उनके यहां काम करने वाले कुक मोहब्बत अमरवंशी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से पकड़ा गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
एयरपोर्ट थाना पुलिस ने कांग्रेस नेता करण सिंह उचियारड़ा के मकान में हुई चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी कुक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से पकड़ा है। आरोपी की पहचान छिंदवाड़ा के पनारा निवासी मोहब्बत अमरवंशी के रूप में हुई है, जो पिछले दो-तीन वर्षों से नेता के मकान पर खाना बनाने का काम कर रहा था। वह कई नेताओं के यहां खाना बना चुका है।
विज्ञापन
छिंदवाड़ा से हुई आरोपी की गिरफ्तारी
एसआई हरखाराम ने बताया कि हर्षवर्धन सिंह ने 8 नवंबर को थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि सेंट्रल स्कीम स्थित उनके मकान से उनकी अनुपस्थिति में चोर कीमती गहने चुराकर ले गया। उन्होंने अपने घरेलू नौकर पर ही संदेह व्यक्त किया था। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में घर में काम करने वाले कुक की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस छिंदवाड़ा पहुंची और उसे गिरफ्तार कर जोधपुर ले आई।
कुक के पास से चोरी का सामान बरामद
पुलिस पूछताछ में आरोपी कुक ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर लिया है। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसके मन में लालच आ गया था, जिसके कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
परिवार से अलग रहता है आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले कई वर्षों से अलग-अलग राजनेताओं के घर पर खाना बनाने का काम कर चुका है। वह अपने परिवार से भी पिछले कई वर्षों से अलग रह रहा है। आरोपी ने पुलिस के समक्ष बताया कि अब उसे अपने किए का पछतावा भी है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।