झुंझुनू के अफसाना जोहड़े में बनी 10 से ज्यादा झुग्गी झोपड़ियों में अचानक आग लग गई। आग की लपटों से कई और झोपड़ियां इसकी चपेट में आ गई। इस आगजनी में गरीब लोगों के लाखों रुपए का नुकसान हो गया।घटना की सूचना मिलने के 2 घण्टे बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। फिलहाल इस आगजनी के बाद झोपड़ी में रहने वालों के पास सिर छुपाने का कोई ठिकाना नहीं है और न ही खाने के लिए कुछ बचा है।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी
इधर, कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। कोतवाल पवन कुमार चौबे ने बताया कि अचानक आग लगी और उसके बाद सिलेंडर फट गया। जिसके कारण आग और भी ज्यादा बढ़ गई। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को सूचना दी गई, मौके पहुंचकर दो फायर बिग्रेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि आगजनी के शिकार लोगों का घर बार जल गया है। नुकसान का आकलन प्रशासन द्वारा किया जाएगा।