झुंझुनू स्टेट हाईवे पर इंद्रपुरा बस स्टैंड के पास एक दुकानदार से मारपीट कर 3 हजार रुपए छीनकर 5 हजार रुपये की रंगदारी मांगने का मामला उदयपुरवाटी थाने में दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी गोपाल लाल जांगिड़ ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित घुडाराम जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि झुंझुनू स्टेट हाईवे पर इंद्रपुरा स्टैंड पर उसकी जनरल स्टोर व किराना सामान की दुकान है। रात को दुकान बंद करने के लिए वह सामान अंदर रख रहा था, तभी उसकी दुकान के सामने एक स्कॉर्पियो गाड़ी आकर रुकी। गाड़ी में पांच-सात लोग थे, उनमें से दो जने गाड़ी से उतरकर सामान लेने आए। जरूरत का सामान लेकर जब वो वापस जाने लगे तो पीड़ित दुकानदार ने उनसे रुपए मांगे। इस पर आरोपियों ने उसे रुपये देने की बजाय गल्ले से तीन हजार रुपये निकाल लिए और हर महीने पांच हजार रुपये की रंगदारी देने की धमकी दी।
साथ ही दुकानदार के साथ मारपीट कर उस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने दुकानदार की रिपोर्ट पर विकास सैनी, पंकज सैनी, अक्षय कुमार, हिमांशु व आर्य मेघवाल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस थाने पर एकत्रित होकर बदमाशों को गिरफ्तार कर गाड़ी सीज करने की मांग की है। थाना प्रभारी गोपाल लाल ने जल्दी ही कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।