कर्मचारियों का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
सरकारी कर्मचारियों ने भरी हुंकार, आठ सूत्रीय मांग को लेकर आक्रोश रैली
अखिल भारत राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के राष्ट्रीय आह्वान पर सरकारी कर्मचारियों ने झुंझुनूं में जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। आक्रोश रैली निकालकर पीएफआरडीए बिल वापस लेने, आठवें वेतन आयोग का गठन करने सहित आठ सूत्रीय मांग को पूरा करने की मांग किए।
सबसे पहले कर्मचारी एक नंबर रोड स्थित जेपी जानू स्कूल के पास एकत्रित हुए। वहां से एक नंबर रोड होते हुए रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पर पहुंचे, जहां जमकर नारेबाजी कर विरोध जताया। जिला अध्यक्ष उमेश सिंह ने बताया कि पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने, आठवें वेतन आयोग के गठन समेत आठ सूत्री मांगों को लेकर विभिन्न संगठनों के कर्मचारियों की ओर से देश भर में प्रदर्शन किया है।
जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होगी, लड़ाई जारी रहेगी। सरकार समय रहते मांगों को पूरा कर दे, अन्यथा बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन के बाद मांगों को लेकर जिला कलेक्टर को मुख्य सचिव के नाम पत्र सौंपा।
ये प्रमुख मांग
पीएफआरडीए के बिल को रद्द करके कर्मचारियों के 41 हजार करोड़ रुपये जीपीएफ खाते में जमा करवाने, आठवां वेतन आयोग का गठन करने, पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने, संविदा पर लगे कर्मचारियों को स्थाई करने, सरकारी कर्मचारियों की नियमित रूप से भर्ती करने, ठेका प्रथा बंद करने, महंगाई पर रोक लगाते हुए सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत करने और डीए का भुगतान करने समेत अन्य मांग की गई।