झुंझुनूं जिले में मुकुंदगढ़ की सरकारी स्कूल की एक शिक्षिका ने लेक्चरर पर आरोप लगाए हैं। शिक्षा मंत्री और जिला कलेक्टर से लिखित में शिकायत की गई है। महिला टीचर ने शिकायत में लिखा, डाइट लेक्चरर परमेंद्र कुल्हर लगातार प्रताड़ित कर रहा है। जब मैं बुड़ाना में लेक्चरर के पद पर थी, तब परमेंद्र फोन और मैसेज कर गलत बातें करने की कोशिश करता था। उसे ऐसा न करने के लिए धमकाया तो वह प्रताड़ित करने लगा।
टीचर ने लिखा, जब परमेंद्र समसा में कार्यरत था, तब निरीक्षण के बहाने मेरे स्कूल में आया करता था। मैं जब वहां नहीं मिलती थी तो स्टाफ के सामने मेरे बारे में गलत बातें कहता था।
एपीओ करने की धमकी दी
शिकायत में लिखा, एक दिन परमेंद्र मेरे घर तक पहुंच गया और एपीओ कराने की धमकी दी। छह फरवरी 2024 को राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद जयपुर से उप निदेशक उर्मिला चौधरी को साथ लेकर मेरे स्कूल आ गया था। वहां तीन घंटे तक मुझे व अन्य टीचर्स को विद्यार्थियों के सामने डांट- फटकार लगाई, अपमानित किया और एपीओ या सस्पेंड करवाने की धमकी दी। मैं और मेरा पूरा स्टाफ स्कूल में समय पर आते हैं। विद्यालय में कैमरे लगे हैं, इसके बावजूद उर्मिला चौधरी और परमेंद्र विजिट रजिस्टर में जान-बूझकर लिखा कि टीचर्स लेट आते हैं, जबकि ऐसा कोई सबूत ही नहीं था।
शिकायत में लिखा, जब भी उर्मिला चौधरी आती है तो डाइट लेक्चरर परमेंद्र अनाधिकृत रूप से दो दिन दौरे पर रहता है। जिले के शिक्षा विभाग के अधिकारी इस मामले को लेकर कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अनुसूया से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में है।मामले की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है, जांच चल रही है। वहीं, सुभाष ढाका ने बताया कि मामले के बारे में उच्च अधिकारी ही बता पाएंगे, मेरे पास कोई जांच नहीं है।