झुंझुनूं में ट्रेन के आगे आने से एक कांस्टेबल की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कांस्टेबल ड्यूटी पर तैनात था।
मृतक कांस्टेबल सुनील (47) पुत्र जगनाराम झुंझुनूं के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के बड़सरी गांव का रहने वाला था। करीब डेढ़ साल से पुलिस लाइन में तैनात था। पुलिस के अनुसार, सुनील रोजाना की तरह सुबह चार बजे पुलिस लाइन की कैंटीन में चाय पीने गया था। चाय पीते-पीते फोन पर बात करते हुए कैंटीन से निकला, काफी देर तक वापस नहीं लौटा तो साथियों को शक हुआ। उनके साथी ढूंढने के लिए निकले तो साथ ही में रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा मिला।
पुलिस के अनुसार, पुलिस लाइन के सामने से गुजरने वाली सैनिक एक्सप्रेस ट्रेन के आगे आने से मौत हुई है। पास में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल, पुलिस आत्महत्या के साथ मौत के दूसरे कारणों की भी जांच कर रही है।
कांस्टेबल सुनील साल 1999 में पुलिस में भर्ती हुए थे। उनका एक बेटा एक बेटी है, पत्नी गृहणी हैं। लड़की की डेढ़ साल पहले शादी हो चुकी है, बेटा सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा है। सुनील का करीब दो साल पहले झालावाड़ से खेतड़ी ट्रांसफर हुआ था। वहां से करीब डेढ़ साल पहले झुंझुनूं पुलिस लाइन में आ गए थे। जबकि मृतक की फैमिली 5-7 दिन पहले ही झुंझुनूं रहने आई थी।