अजमेर में बैंक लॉकर से आभूषण चोरी
- फोटो : Social Media
अजमेर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में बैंक के लॉकर से ग्राहक के एक करोड़ के गहने चोरी हो गए। पीड़ित ने आदर्श नगर थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आदर्श नगर थाना एएसआई हरबान सिंह ने बताया कि आदर्श नगर निवासी विजेंद्र कुमार अग्रवाल ने थाने में शिकायत देकर बताया कि आदर्श नगर यूनियन बैंक शाखा में उसका लॉकर है। सोमवार को उसने लॉकर खोला और देखा कि उसके लॉकर से सोने के आभूषण गायब है। इससे पहले उसने लॉकर छह फरवरी 2021 को खोला था। तब आभूषण लॉकर में ही था।
पीड़ित ने शिकायत में बताया कि लॉकर में उसकी पिछली कई पीढ़ियों की बेशकीमती आभूषण थे। जिनकी कीमत एक करोड़ से ज्यादा है। इसके बाद पीड़ित ने तुरंत बैंक मैनेजर को मामले की शिकायत की। मामले में पीड़ित की ओर से सोमवार रात आदर्श नगर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
लॉकर में रखी नकदी सही सलामत
आदर्श नगर थाना अधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि पीड़ित विजेंद्र कुमार अग्रवाल ने शिकायत में यह भी बताया कि लॉकर में दो से ढाई लाख रुपए की नकदी भी रखी हुई थी, वह सही सलामत मिली। करोड़ों रुपए के आभूषण गायब मिले। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है।