राजस्थान के नागौर जिले के ताउसर गांव में रविवार को अतिक्रमण हटाने गए प्रशासन के दल पर अतिक्रमणकारियों द्वारा किए गए हमले में जेसीबी के चालक की मौत हो गई जबकि प्रशासन और पुलिस के करीब पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सरजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में मेडतासिटी विधायक इंद्रा बावरी और उनके पति, भोपालगढ विधायक पुखराज गर्ग सहित करीब 300 लोगों के खिलाफ राजकीय कार्य में बाधा डालने, सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त करने और लोगों को उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि ताउसर गांव में करीब 79 बंजारा परिवारों ने एक से डेढ़ किलोमीटर सरकारी जमीन पर कब्जा कर पक्के घर बना रखे हैं। इस मामले में उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए रविवार को प्रशासन का दल अतिक्रमण हटाने गया था, जहां बंजारा परिवारों ने पहले जेसीबी मशीन पर पत्थरबाजी की और जब चालक बचाव के लिए भागा तो भीड़ ने उससे मारपीट की।
उन्होंने बताया कि चालक फारूख (40) को उपचार के लिए एक अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। सिंह ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।