जालौर के सायला उपखंड मुख्यालय के पोस्ट ऑफिस रोड पर सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने घर के बाहर खड़ी महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी को कुछ ही मिनटों में चोरी कर लिया। चोरों ने फाटक का ताला तोड़कर वाहन स्टार्ट किया और फरार हो गए। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पीड़ित की शिकायत पर सायला पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। देर रात हुई इस सनसनीखेज चोरी से इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित शंकर लाल सोनी ने बताया कि वे सोमवार रात करीब 9 बजे किसी काम से लौटे और अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी घर के बाहर पोस्ट ऑफिस रोड पर खड़ी करके अंदर चले गए। सुबह जब वे उठे तो गाड़ी गायब थी। परिजनों ने आसपास ढूंढा लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई तो सारी वारदात साफ हो गई।
यह भी पढ़ें- Crime: अलवर में हिंसक संघर्ष में गोली लगने से युवक की मौत, तीन महिलाओं सहित छह घायल; दो घंटे तक चला हंगामा
सीसीटीवी फुटेज में दिखे चोरों के हुलिए और तरीका
फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि देर रात एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में चार-पांच अज्ञात व्यक्ति आते हैं। वे स्विफ्ट को पास में खड़ी करते हैं। इसके बाद उनमें से एक व्यक्ति स्कॉर्पियो के पास जाता है और फाटक का ताला तोड़ देता है। ताला टूटते ही वह स्कॉर्पियो में बैठता है, गाड़ी स्टार्ट करता है और तेजी से वहां से फरार हो जाता है। बाकी साथी स्विफ्ट कार में सवार होकर उसके पीछे-पीछे निकल जाते हैं। पूरी वारदात महज तीन-चार मिनट में अंजाम दे दी गई।
सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद शंकर लाल सोनी ने तुरंत सायला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कराई गई। पुलिस अब फुटेज के आधार पर स्विफ्ट कार और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। थानाधिकारी ने बताया कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।