जिले के आहोर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ बर्बर मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में पुलिस ने ऑपरेशन धरकरभर के तहत कार्रवाई करते हुए तीन महीने से फरार चल रहे मुख्य आरोपी नरेन्द्र कुमार माली को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक पर लोहे की सरिया से जानलेवा हमला किया था।
पुलिस के अनुसार यह घटना 24 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे की है, जब पीड़ित जसवंत सिंह, निवासी कानीवाड़ा, अपने मित्र दिलीप प्रजापत के साथ मोटर साइकिल पर आहोर की ओर जा रहे थे। रास्ते में भैंसवाड़ा नदी के पास एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार ने उन्हें रोका, जिसमें सवार चार युवकों में से तीन ने लोहे की सरियों से जसवंत पर बेरहमी से हमला किया, जबकि चौथा युवक घटना का वीडियो बना रहा था। हमलावरों में नरेंद्र माली, कुलदीप सिंह, जुहाराराम और कृपाल सिंह उर्फ एमपी शामिल थे। पीड़ित की शिकायत पर इन सभी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था, लेकिन घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि हमला एक सोशल मीडिया विवाद के चलते किया गया था।
दरअसल 19 अप्रैल को जोधपुर में हुए एक वायरल वीडियो पर पीड़ित जसवंत द्वारा की गई टिप्पणी से नाराज होकर आरोपियों ने यह हमला किया था। गिरफ्तार आरोपी नरेंद्र माली के खिलाफ पूर्व में मारपीट के चार प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। यह कार्रवाई जालोर एसपी ज्ञानचंद यादव के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा और वृत्ताधिकारी अनिल पुरोहित के सुपरविजन में, थानाधिकारी करणसिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
ये भी पढ़ें: Pali News: जगुआर फाइटर जेट क्रैश में बलिदान हुए फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिपाल सिंह, आज होगा अंतिम संस्कार
सांचौर में 71 कार्टन अवैध शराब जब्त
इधर सांचौर में अवैध मादक पदार्थों और शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ऑपरेशन भौकाल के तहत सांचौर पुलिस व वृत्त कार्यालय की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फॉर्च्यूनर वाहन से 71 कार्टन अवैध अंग्रेजी व देशी शराब बरामद की है। जब्त की गई शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 8 जुलाई को की गई। सरहद माखुपुरा भारतमाला मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान गुजरात नंबर की एक फॉर्च्यूनर को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें राजस्थान निर्मित अंग्रेजी और देशी शराब के 71 कार्टन मिले। पुलिस ने शराब व वाहन को जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश जारी है।
यह कार्रवाई जोधपुर रेंज आईजी विकास कुमार के निर्देश, जिला पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रतनू और वृत्ताधिकारी कार्बले शरण गोपीनाथ के सुपरविजन में, थानाधिकारी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई।