सार
जालोर के निम्बावास गांव में एक साल में 12 स्थानों पर चोरी की घटनाएं हुईं, लेकिन खुलासा नहीं होने से ग्रामीण नाराज हैं। ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर तीन संदिग्धों से पूछताछ, चोरी का सामान बरामद करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की।
भीनमाल क्षेत्र के निम्बावास गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन से वारदातों का खुलासा करने की मांग की है। इस संबंध में ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक और भीनमाल थानाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर चोरी की घटनाओं की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि गांव में पिछले करीब एक साल से चोरी की घटनाएं हो रही हैं। अब तक कम से कम 12 स्थानों पर चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो पाया है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों को अपने घरों, दुकानों और संपत्ति की सुरक्षा की चिंता सता रही है।
तीन संदिग्धों से पूछताछ की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में चोरी करते हुए तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों को संदेह है कि ये व्यक्ति गांव में पहले हुई चोरी की वारदातों में भी शामिल हो सकते हैं। ऐसे में उन्होंने पुलिस से तीनों संदिग्धों से नियमानुसार गहन पूछताछ कर पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है।
पढे़ं: पुष्कर मेले में ऊंटों का अनोखा डांस, चारपाई पर चढ़कर थिरके; मालिक को मुंह में दबाकर दिखाए करतब
चोरी का सामान बरामद करने और गश्त बढ़ाने की मांग
ज्ञापन में ग्रामीणों ने पिछले एक साल में हुई सभी चोरी की घटनाओं को आपस में जोड़कर निष्पक्ष जांच करने और चोरी हुए सामान की बरामदगी करवाने की मांग की। साथ ही वारदातों में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई करने की अपील की।
ग्रामीणों ने गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी के मामलों में जांच की प्रगति से परिवादियों को अवगत करवाने की मांग भी रखी। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की। इस दौरान धीरसिंह, महेंद्रसिंह, जीवसिंह, नरपतसिंह, डूंगरसिंह, रिड़मलसिंह, जैसाराम, बाबूसिंह, उत्तमसिंह और गुमानसिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।