बालोतरा में संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव
शहर के खेड़ रोड स्थित सीईटीपी के सामने रविवार सुबह एक युवक का शव सड़क किनारे पेड़ से लटका मिला। सुबह 6:45 बजे के आसपास यह नजारा देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई, जिस पर बालोतरा थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृत युवक की पहचान 27 वर्षीय मोनू पुत्र कल्याण सिंह निवासी एटा, उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मोनू मजदूरी की तलाश में शनिवार को ही बालोतरा पहुंचा था।
ये भी पढ़ें: Jaipur: रामगंज में देर रात सांप्रदायिक तनाव फैला, पत्थरबाजी के बाद पुलिस जाब्ता तैनात, स्थिति नियंत्रण में
मौके पर पहुंची पुलिस टीम का नेतृत्व कर रहे एएसआई पुरखाराम ने बताया कि शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया गया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे राजकीय नाहटा अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बालोतरा पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। युवक के पास से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक बालोतरा में किन परिस्थितियों में आया और किसके संपर्क में था। एक अनजान शहर में उम्मीदें लेकर आए युवक का इस तरह जीवन समाप्त कर लेना कई सवाल खड़े करता है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और परिजनों के बयान के बाद आगे की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।