जैसलमेर में भाजपा के किसानों की जमीन नीलामी वाले पोस्टर पर विवाद बढ़ गया है। रामदेवरा के माधुराम जयपाल का होर्डिंग्स पर फोटो लगाया गया, तो माधुराम बोले- मेरी न कोई जमीन नीलाम हुई, न मुझ पर कर्ज है। भाजपा किसानों को झूठा बदनाम करने में लगी है।
माधुराम जयपाल ने भाजपा के खिलाफ मामला दर्ज कराने की चेतावनी दी है और कहा है कि बीजेपी मुझे बेवजह बदनाम करने में लगी है। झूठे दावे कर भाजपा लोगों को गुमराह करने का काम कर रही है। उसके बेटे ने भी कहा कि हमारे परिवार की इन होर्डिंग्स से बेइज्जती हो रही है, भाजपा के नहीं सहेगा राजस्थान पोस्टरों पर लगा रामदेवरा के माधुराम जयपाल का फोटो लगा है। जो बिना परमिशन के लगाया गया है और झूठा लगाया है।
क्या है पूरा विवाद?
विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा की ओर से 'नहीं सहेगा राजस्थान' अभियान चलाया जा रहा है। कुछ दिनों पहले अभियान में भाजपा ने किसानों से जुड़ा एक पोस्टर जारी किया था। पोस्टर पर लिखा था '19 हजार से अधिक किसानों की जमीनें नीलाम, नहीं सहेगा राजस्थान' इस पोस्टर पर एक किसान का फोटो भी लगा है। उसी किसान ने दावा किया है कि बिना इजाजत उसका फोटो इस्तेमाल किया गया है। किसान का ये भी कहना है कि उस पर न तो कोई कर्जा है और न ही उसकी जमीन नीलाम हुई है। वह 200 बीघा जमीन का मालिक है।
गांव के एक युवक ने बताया तो पता चला
मामला जैसलमेर जिले के रामदेवरा का है। यहां रिखियों की ढाणी में रहने वाले किसान माधुराम जयपाल (70) का कहना है कि भाजपा के बैनर पर लगा फोटो उसका है। उन्होंने बताया कि गांव के एक युवक से उन्हें बैनर पर अपनी फोटो लगी होने के बारे में पता चला।
जयपुर में कई जगहों पर यह बैनर लगा
माधुराम ने बताया कि उनके गांव से एक युवक कुछ दिन पहले जयपुर आया। उसने जयपुर में कई जगहों पर यह बैनर लगा देखा। जिस पर माधुराम की फोटो थी। उसने बैनर का फोटो लेकर गांव के एक वॉट्सऐप ग्रुप में शेयर किया। इसी ग्रुप में किसान का बेटा जुड़ा था। उसने यह मैसेज देखा तो अपने पिता को बताया। माधुराम ने कहा कि पहले तो बेटे ने बताया तो मेरे कुछ समझ में ही नहीं, क्योंकि बैनर में जमीन नीलामी की बात थी, लेकिन मेरी तो कोई जमीन ही नीलाम नहीं हुई।
मेरे ऊपर किसी का एक रुपया उधार नहीं है
माधुराम का कहना है कि मेरी फोटो बिना वजह लगा दी गई और मुझसे पूछा भी नहीं। मेरे ऊपर कोई कर्जा नहीं है। इस फोटो को हटाओ। अगर मेरी जमीन नीलाम होती या मेरे ऊपर कर्जा होता तो सरकार कर्जा माफी करती है या जमीन दबाएगी।
मैं भाजपा वालों को नहीं जानता। मैंने कोई लोन नहीं लिया। हां, मेरी केसीसी ली हुई है। कोई मुझसे कुछ मांग रहा है तो फोटो छापो, लेकिन कुछ है ही नहीं तो क्यों छापा किसी के पास कोई तो सबूत होंगे जो साबित करें कि मेरी जमीन नीलाम हुई है।