जैसलमेर के सम इलाके में एक सड़क हादसे में कोलकाता निवासी एक सैलानी की मौत हो गई। हादसा सड़क क्रॉस करते समय जीप की टक्कर से हुआ। मृतक हरियर दत्ता (50) उड़ीसा का निवासी था, जो हाल कोलकाता में काम करता था। हरियर दत्ता को सम अस्पताल से जैसलमेर रेफर किया गया, मगर जवाहिर हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सम थाना पुलिस ने मृतक के दोस्तों द्वारा मामला दर्ज कर परिजनों को सूचित कर दिया है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
सम थाना प्रभारी ऊर्जा राम ने बताया कि हरियर दत्ता (50) अपने 40 दोस्तों के साथ कोलकाता से जैसलमेर आया था। जैसलमेर से सम के रेगिस्तान में गुरुवार शाम को जीप सफारी के लिए जाते समय हवा से उसकी पहनी हुई टोपी उड़ गई। टोपी को लेने जब वो सड़क क्रॉस कर रहा था, उसी दौरान सामने से आ रही जीप से वो टकरा गया। जीप की टक्कर से उसके सिर में गंभीर चोट आई। हरियर के दोस्त उसको लेकर सम हॉस्पिटल आए। जहां डॉक्टर ने उसकी गंभीर हालत देखकर उसे जैसलमेर रेफर कर दिया। जवाहिर हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सम थाना पुलिस भी घटनास्थल और हॉस्पिटल पहुंची। हरियर के दोस्तों ने जीप ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलकर एक्सीडेंट करने का मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को जब्त कर थाने में खड़ा कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कोलकाता में मृतक के परिजनों को सूचना दे दी। शुक्रवार दोपहर तक परिजनों के आने के बाद मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दी, सम थाना पुलिस हादसे की जांच कर रही है।