मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को "दुनिया के सबसे बड़े नेता" के रूप में संबोधित किया और कहा, "उन्होंने राजनीति के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता दी है। मैं उन्हें इस खास अवसर पर शुभकामनाएं देना चाहता हूं।" मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के सामाजिक अभियानों की सराहना करते हुए स्वच्छता अभियान की प्रदेशभर में शुरुआत की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमने पूरे प्रदेश में स्वच्छता अभियान का आगाज किया है, जो लगातार चलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए अभियानों, जैसे स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, और 'एक पेड़ माँ के नाम' को पूरी ताकत से आगे बढ़ाया जाएगा।"
मुख्यमंत्री शर्मा ने राजस्थान की जनता से प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए अभियानों को सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और प्रदेश की जनता मिलकर इन अभियानों को पूरा करेगी और स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने की दिशा में अग्रसर रहेगी।