सेकेंड ग्रेड भर्ती परीक्षा पेपर लीक प्रकरण को लेकर एसओजी की तरफ से बुधवार को पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए एसओजी एडीजी अशोक राठौड़ ने कहा कि शुरुआती जांच में हम लोगों को पता चल गया था कि किसी परीक्षा केंद्र से यह पेपर वायरल नहीं हुआ है। बल्कि आरपीएससी से पेपर लीक हुआ है।
एडीजी राठौड़ ने बताया, जिसके बाद हम लोगों ने इनपुट मिलने के आधार पर विशेष टीम का गठन कर कड़ी से कड़ी जोड़कर इस तरह की कार्रवाई को अंजाम दिया कि आखरी मोहरे तक हम लोग पहुंच सकें। अब आरपीएससी के मेंबर बाबूलाल कटारा सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया गया और आज उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। जहां उन्हें 29 अप्रैल तक रिमांड पर भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर अब तक सामने आया कि 60 लाख रुपये में पेपर शेर सिंह को बेचा गया था। पेपर सेट करने का जिम्मा बाबूलाल कटारा के पास था। उन्होंने बताया कि जल्द ही भूपेंद्र सारण को भी हम लोगों की तरफ से गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरपीएससी मेंबर बाबूलाल कटारा, विजय और ड्राइवर गोपाल से अब गहनता से पूछताछ की जाएगी।