जयपुर के कोटखावदा थाना इलाके में बेटे को जान से मारने की धमकी देकर एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने परिचित और उसके दो दोस्तों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस ने बताया कि कोटखावदा निवासी 26 साल की महिला ने मामला दर्ज करवाया कि गांव में रहने वाला परिचित उस पर बुरी नजर रखता था। अक्सर अकेला मिलने पर आरोपी परिचित शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता था। अक्तूबर 2023 में पति नौकरी के सिलसिले में बाहर गए थे। पति की गैरमौजूदगी में आरोपी परिचित अपने दो दोस्तों के साथ घर में घुस गया और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। विरोध करने पर बेटे के गले पर चाकू लगाकर मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद डरा-धमकाकर आरोपी परिचित ने अपने दोनों दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
तीनों आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म के दौरान उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया और अश्लील वीडियो को वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। चुप रहने पर ही उसका फायदा होने की बात कहकर तीनों आरोपी फरार हो गए। अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर तीनों आरोपियों ने फरवरी 2024 और अप्रैल 2024 में भी अकेला पाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। टॉर्चर से परेशान होकर पीड़िता ने अपने पति को आपबीती सुनाई। इसके बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।
नशीला ज्यूस पिलाकर छात्रा से दुष्कर्म
जयपुर में कानोता थाना इलाके में नशीला पदार्थ पिलाकर कॉलेज छात्रा से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इसके बाद आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया और धमकी देकर उसका देहशोषण करने लगा। दूरी बनाने पर घर से किडनैप कर ले जाने की कोशिश की। मामले की जांच थानाधिकारी गौतम डोटासरा कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि कानोता निवासी 19 साल की कॉलेज छात्रा ने मामला दर्ज करवाया कि साल 2019 में नाबालिग होने के दौरान दूर की रिश्तेदारी में लगने वाली मौसी के लड़के का घर पर आना-जाना था। आरोप है कि आरोपी रिश्तेदार के घर आने पर वह अकेली मिली। आरोपी रिश्तेदार उसके लिए पीने के लिए ज्यूस लेकर आया। ज्यूस में नशीला पदार्थ मिला होने के कारण वह बेहोश हो गई।
बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाए। होश आने पर विरोध करने पर अश्लील वीडियो दिखाकर चुप रहने के लिए धमकाया। अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करने लगा। अप्रैल 2024 में घर आकर आरोपी रिश्तेदार ने उसको किडनैप कर ले जाने का प्रयास किया। विरोध कर शोर मचाने पर परिजनों को आता देखकर आरोपी भाग निकला। कानोता थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधारी के रुपये लेने गई महिला से दुष्कर्म
मुरलीपुरा थाना इलाके में उधारी के रुपये लेने गई महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है।पुलिस के अनुसार, गोविंद नगर निवासी 35 वर्षीय महिला ने मामला दर्ज करवाया कि उसने पांच हजार रुपये हनुमान यादव को उधार दिए थे। दो दिन बाद वह रुपये लेने गई तो आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने को दी। उसे पीते ही वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बारे में किसी को बताने पर उसके पति को जान से मारने की धमकी दी।