फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajasthan Weather Update: 13 जिलों में बारिश का अलर्ट, जयपुर-सीकर-अलवर-धौलपुर और हनुमानगढ़ में हुई बरसात

Wed, 24 May 2023 01:30 PM IST
अरविंद कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

पूर्वी राजस्थान के हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो गया है। दोपहर होते ही तेज हवाओं के साथ मौसम पलटा और आसमान पर बादल छा गए। देखते ही देखते कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। इससे मौसम खुशनुमा हो गया और भीषण गर्मी से तपती धरती के लोगों को राहत मिली है।
विज्ञापन
सीकर, धौलपुर और जयपुर की तस्वीरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान मौसम विभाग ने जयपुर, झुंझुनूं, चूरू, नागौर, सीकर, अलवर, दौसा, भरतपुर, टोंक, सवाई माधोपुर, धौलपुर, गंगानगर, हनुमानगढ़ जिलों और आसपास के क्षेत्रों मे कहीं-कहीं पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मीडियम बारिश, आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि होने और धूल भरी आंधी 40-50 किलोमीटर स्पीड से चलने की संभावना जताई है।

विज्ञापन


पाकिस्तान, पंजाब बॉर्डर पर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन से राजस्थान में यह मौसम में बदलाव आया है। बुधवार को जयपुर में हल्की बारिश दर्ज हुई है। सीकर में तेज बारिश हुई है। फतेहपुर में चने के आकार के ओले गिरे हैं। हनुमानगढ़, नोहर, गंगानगर इलाके में भी ओलावृष्टि हुई है। यह मौसम अगले कुछ दिन सुहाना रहने की उम्मीद है। भीषण गर्मी में इससे लोगों को राहत मिली है। अलवर, भरतपुर, दौसा और आसपास के क्षेत्रों में भी बादल छाए हुए हैं। इससे पहले मंगलवार को धौलपुर में बारिश के साथ आसमानी बिजली भी गिरी, जिससे 5 महिलाएं झुलस कर घायल हो गईं। सीकर, अलवर और करौली में भी बारिश हुई है।

28 मई तक रहेगा पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव...
मौसम विभाग के मुताबिक, 28 मई तक राजस्थान के कई भागों में आंधी और बारिश का यह दौर जारी रहेगा। इस दौरान बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को बादल गरजने और बिजली कौंधने के समय सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की सलाह दी है। पूर्वी राजस्थान के कई भागों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
विज्ञापन


गर्मी के इस मौसम में होने वाली बारिश फसलों के लिए काफी अच्छी बताई जा रही है। इससे प्रदेश में खेतों में मिट्टी में अच्छी नमी आ जाएगी। गर्मी के मौसम में लू के थपेड़ों से पेड़ पौधों और वनस्पति को होने वाले नुकसान को भी यह बारिश और बदला मौसम कम करेगा। राजस्थान में हीटवेव अगले कुछ दिन नहीं चलेगी। इससे आम लोगों को झुलसने वाली गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

तापमान में आएगी चार से पांच डिग्री तक गिरावट...
बारिश और बादलों के कारण तापमान में भी बड़ी गिरावट देखने को मिलेगी। माना जा रहा है, अगले 24 से 48 घंटों में प्रदेश में तापमान में चार से पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

बिजली गिरने से बकरियों की मौत
जयपुर के शाहपुरा में राजस्व ग्राम बरवाड़ा के बलराम रेबारी के बाड़े में बंधी बकरियों के ऊपर आकाशीय बिजली गिरने के कारण करीब एक दर्जन बकरियों की मौत हो गई। गरीब पशुपालक बलराम  रेबारी का अपना पशुधन खोने से रो रोकर बुरा हाल है।



मौसम विभाग ने बारिश का ऑरेंज अलर्ट किया जारी 
जयपुर, जयपुर शहर, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाईमाधोपुर, टोंक, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, झुंझुनू, चूरू,सीकर, नागौर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जोधपुर, अजमेर जिलों और आसपास के क्षेत्रों मे कहीं-कहीं पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा, आकाशीय बिजली गिरना, ओलावृष्टि और धूल भरी आंधी आने की संभावना है। आज रात 12 बजे तक यह अलर्ट जारी किया गया है। 
विज्ञापन


जोधपुर में बेर के आकार के ओले गिरे
भीषण गर्मी के बीच जोधपुर में बुधवार को मोटे-मोटे ओलों की बारिश हुई। बारिश और ओलावृष्टि से आमजन को गर्मी से राहत मिली है। जोधपुर के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में ओले गिरे हैं। बेर के आकार के ओले जब गांवों में गिरने लगे तो लोगों ने पशुओं को छत के नीचे ले लिया और खुद भी करीब आधे घंटे घरों में दुबके रहे।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें