बेसमेंंट से बाहर निकाले गए शव, जयपुर में सड़कों पर भरा पानी।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान की राजधानी जयपुर में दिल्ली के कोचिंग सेंटर जैसा मामला सामने आया है। शहर में बुधवार देर रात आई बारिश के बाद विद्याधरनगर के ध्वज नगर में एक मकान के बेसमेंट में पानी भर गया। जिसमें डूबने से एक परिवार के तीन की मौत हो गई। करीब 6 घंटे के चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोपहर 12 बजे तीनों के शव बाहर निकाले गए। स्थानीय पार्षद ने बताया कि ध्वज नगर में लोगों ने अवैध मकान बना रखे हैं। तेज बरसात के कारण मकानों की मिट्टी ढह गई थी।
जानकारी के अनुसार जयपुर में बुधवार रात को शुरू हुई बारिश के बाद विद्याधरनगर के ध्वज नगर में स्थित एक मकान के बेसमेंट में पानी भर गया। तेज बारिश के कारण मकान की दीवार ढहने से बेसमेंट में सो रही पूजा (19) पुत्री अशोक, अशोक की दोहिती पूर्वी (6) पुत्री हटवारु सैनी और कमल शाह (23) पुत्र बैजनाथ उसमें फंस गए। सूचना प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब छह घंटे चले ऑपरेशन के बाद तीनों के शव बाहर निकाले गए।
तीनों मृतक बिहार के आरा जिले के रहने वाले थे। उपमुख्यमंत्री और विद्याधरनगर विधायक दिया कुमारी ने जयपुर कलेक्टर से बात कर घटना की जानकारी ली और मृतकों के परिजनों की सहायता के निर्देश दिए। इसके बाद दिया कुमारी ने घटना स्थल का दौरा भी किया था।
मृतकों को पांच लाख रुपये की सहायता
सीएम भजनलाल शर्मा ने जयपुर के ध्वज नगर में बेसमेंट में बारिश का पानी भरने से जान गंवाने वाले तीन लोगों के परिजनों की पांच-पांच रुपये की आर्थिक राहत देने का एलान किया गया है। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये आपदा राहत और 1-1 लाख रुपये मुख्यमंत्री सहायता कोष से दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश
राजस्थान और जयपुर में भारी बारिश से हुई जनहानि को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को आमजन की तुरंत सहायता देने के सख्त निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी तरह की लापरवाही न हो।
दिल्ली हादसे में क्या हुआ था?
29 जुलाई को दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित RAU'S IAS कोचिंग सेंटर में इसी तरह के हादसे में तीन छात्रों की मौत हो गई थी। करीब 35 छात्र कोचिंग में बने बेसमेंट में बैठकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान शुरू हुई बारिश के बाद दो-तीन मिनट में ही बेसमेंट में 10-12 फीट पानी भर गया था। जिसमें डूबने से तीन छात्रों की मौत हो गई थी।