जयपुर में नगर निगम हेरिटेज द्वारा की जा रही सीलिंग कार्रवाई के खिलाफ व्यापारियों ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने सुबह 10:30 बजे से दड़ा मार्केट और जौहरी बाजार की दुकानें बंद कर दीं और दोपहर 12 बजे के करीब बड़ी चौपड़ पर धरने पर बैठ गए।
व्यापारियों का आरोप है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद सीलिंग हो रही है। व्यापारियों का कहना है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद हेरिटेज नगर निगम लगातार सीलिंग की कार्रवाई कर रहा है। शुक्रवार को भी निगम ने पांच परिसरों में लगभग 90 दुकानों को सील कर दिया। अब तक इस कार्रवाई से कुल 900 दुकानें प्रभावित हो चुकी हैं। व्यापारियों और रहवासियों का दावा है कि उनके पास दुकान और मकानों के मालिकाना हक के दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने इस संबंध में कोर्ट से स्टे भी प्राप्त किया है।
सात अप्रैल को होगी मामले की सुनवाई
दड़ा मार्केट व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनोज गोयल ने बताया कि इन बिल्डिंगों में दुकानें और आवास दोनों स्थित हैं और पार्किंग की पूरी व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि सात अप्रैल को कोर्ट में इस मामले की सुनवाई होनी है। लेकिन इसके बावजूद हेरिटेज नगर निगम ने सीलिंग की कार्रवाई की।
यह भी पढ़ें: महिला ने सास-ससुर और जेठानी को पिलाकर खुद भी पी लिया, तीन की हालत नाजुक
व्यापारियों की मांग
प्रभावित व्यापारियों ने बताया कि वे पिछले 25 वर्षों से यहां व्यापार कर रहे हैं। जबकि कुछ परिवार 70 साल से यहां रह रहे हैं। वे नियमित रूप से जीएसटी, बिजली बिल और अन्य सरकारी कर चुका रहे हैं। व्यापारिक संगठनों ने इस विरोध प्रदर्शन को समर्थन दिया है। व्यापारियों का कहना है कि सीलिंग की कार्रवाई से 5000 से अधिक परिवारों की आजीविका पर संकट आ जाएगा।
यातायात प्रभावित, मार्ग किए गए डायवर्ट
व्यापारियों के विरोध प्रदर्शन के चलते रामगंज से बड़ी चौपड़ का मार्ग बंद कर दिया गया। बड़ी चौपड़ से सांगानेरी गेट जाने वाले यातायात को भी डायवर्ट किया गया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर बेरिकेड्स लगाए गए।
यह भी पढ़ें: रेवाड़ी होकर गुजरेंगी छह ट्रेनें, यूपी और राजस्थान के बीच होती हैं संचालित
मेयर कुसुम यादव का आश्वासन दोपहर दो बजे जयपुर हेरिटेज नगर निगम की मेयर कुसुम यादव धरना स्थल पर पहुंचीं और व्यापारियों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जब तक मामला कोर्ट में विचाराधीन है, तब तक नगर निगम कोई भी सीलिंग कार्रवाई नहीं करेगा। व्यापारियों ने मेयर के आश्वासन के बाद भी अपने संघर्ष को जारी रखने का संकल्प लिया और कोर्ट की सुनवाई के फैसले के आधार पर आगे की रणनीति बनाने की बात कही।