मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विशेषाधिकारी लोकेश शर्मा ने कहा कि जोधपुर सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत ने तो केंद्रीय जल संसाधन मंत्री होते हुए भी राजस्थान में बीजेपी का राज लाने की शर्त पर पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ERCP) के लिए 46 हजार करोड़ रुपये देने की बात की। लोकेश शर्मा बोले, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व राजस्थान की जनता को पानी के हक से वंचित रखना चाहता है। उनका ऐसा बर्ताव और पार्टी का ऐसा प्रदर्शन शोभा नहीं देता।
ओएसडी लोकेश शर्मा ने कहा कि चुनाव आने वाले हैं, इसलिए भारतीय जनता पार्टी के सांसदों को राजस्थान की याद आ रही है। जबकि प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई हो रही है। पुलिस जल्दी एक्शन ले रही है। लोकेश शर्मा ने ट्विटर पर बीजेपी के आईटी सेल के हेड अमित मालवीय के ट्वीट को कोट ट्वीट करते हुए ये प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना राजस्थान के 13 जिलों में पेयजल और सिंचाई के लिए पानी की आपूर्ति से जुड़ा हुआ मुद्दा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले जयपुर और अजमेर में आयोजित सभाओं के दौरान इस पर सकारात्मक रुख रखने का आश्वासन प्रदेशवासियों को दिया था, लेकिन अभी तक भी केंद्र सरकार की ओर से पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना को लेकर न तो इसे राष्ट्रीय परियोजना ही घोषित किया गया है, न ही इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने किसी तरह का बजट आवंटन किया है।
वहीं, राजस्थान की मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने साल 2022-23 के वित्त बजट में इसके लिए तकरीबन नौ हजार करोड़ रुपये के बजट का वित्तीय प्रावधान किया था, जिसे मौजूदा वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट में इसे बढ़ाकर 14 हजार करोड़ रुपये करने का एलान किया था। वहीं, हाल ही में राज्य के जल संसाधन मंत्री महेंद्र जीत सिंह मालवीय ने जानकारी देते हुए बताया था कि अगस्त माह में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ईसरदा या नौनेरा में पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिए गए हैं।