सुप्रिया श्रीनेत सहित अन्य कांग्रेस नेता
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने कुछ दिन पहले किए अपने 'राजस्थान, रशियन' संबंधी चर्चित ट्वीट को लेकर भाजपा पर फिर हमला बोला है। सोमवार को जयपुर में पत्रकारों ने जब श्रीनेत से ट्वीट के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा, मैंने किसी का नाम नहीं लिया, फिर भाजपा कौन सा उड़ता तीर पकड़ रही है? मुझे नहीं पता चार शब्दों से भाजपा में क्यों हड़कंप मच गया। ये चोर की ढाढ़ी में तिनका नहीं लगता?
जब श्रीनेत से उनके ट्वीट को लेकर पूछा गया कि उन्होंने वह किसके लिये लिखा तो सुप्रिया कहा कि रशिया, यूक्रेन युद्ध चल रहा है। मैं दिल्ली में रोजाना ऑफिस जाते वक्त ली मेरेडियन होटल देखती हूं। इसलिए मन में आ गया और मैंने लिख दिया। इसे खोजें और बड़ी कहानी मिल सकती है। मैंने जब किसी पर आरोप नहीं लगाया तो भाजपा किसे क्लीन चिट दे रही है। गौरतलब है कि सुप्रिया के ट्वीट के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने इसे छवि खराब करने की कोशिश बताया था।
मदन राठौड़ और किरोड़ीलाल ने किया था बचाव
दरअसल, सोशल मीडिया पर चल रही चर्चा और डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा को टारगेट करने पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने बचाव करते हुए कहा था कि उनके बारे में अफवाहें फैलाकर कुछ लोग राजनीति को दूषित कर रहे हैं। दिल्ली के होटल में रशियन महिला विवाद में फैल रही चर्चाओं के सवाल पर मदन राठौड़ ने कहा था, इसमें बीजेपी का कोई नेता नहीं है। न किसी का लेना देना है। केवल चरित्र हनन का काम किया जा रहा है।
मैं सोचता हूं, यह हल्की राजनीति है। इस स्तर पर किसी को उतरना नहीं चाहिए। किसी भी व्यक्ति के लिए और इस प्रकार की चर्चा फैलाना, भ्रम पैदा करना, छवि खराब करना, मैं सोचता हूं राज नेताओं को इससे बचना चाहिए। मैंने भी एक अखबार में पढ़ा था, पता नहीं किसके लिए क्या लिखा, लेकिन लोगों ने इधर-उधर घुमाने की कोशिश की। राठौड़ ने यह भी जगा था कि सुप्रिया श्रीनेत एक महिला राजनेता हैं। इसलिए उन्हें ऐसे आरोप लगाने से बचना चाहिए।