लोकसभा चुनावों में मतदान का प्रतिशत भले ही कम रहा हो लेकिन दोनों ही दिग्गज पार्टियों के नेता यहां अपनी-अपनी पार्टी की जीत का दावा करते हुए अलग-अलग गणित बैठा रहे हैं।
भाजपा नेता जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर मोहर लगने की बात कह रहे हैं, तो वहीं कांग्रेस नेता कम मतदान को अपने पक्ष में बताते मोदी का जादू नहीं चलने की बात कह रहे हैं। भाजपा जहां शुरू से प्रदेश की सभी 25 सीटें जीतने का दावा कर रही है तो कांग्रेस का दावा है कि वे प्रदेश में अच्छी-खासी संख्या में सीटें जीतने वाले हैं।
राजस्थान में पहले चरण में 12 लोकसभा तथा दूसरे चरण में 13 सीटों पर मतदान हुआ और देखा जाए तो पिछले चुनाव वर्ष 2019 की तुलना में कुल सारी 25 सीटों पर 4.54 प्रतिशत कम मतदान हुआ। इस कम मतदान को लेकर भाजपा ने केंद्रीय नेतृत्व को रिपोर्ट भेजा है कि पार्टी का मार्जिन घट सकता है लेकिन नुकसान नहीं होगा। भाजपा सभी 25 सीटें जीतेगी। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेता मान रहे हैं कि पार्टी को 8 से 11 सीटों पर फायदा होगा और चार से पांच सीटों पर नजदीकी मामला बन सकता है।
जहां कांग्रेस दौसा, सवाई माधोपुर, झुंझुनू, कोटा, भरतपुर, सीकर, जयपुर ग्रामीण आदि सीटों पर बढ़त मानी रही है, वहीं भाजपा तर्क देते हुए कह रही है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता उदासीन रहे और वोट डलवाने नहीं निकले, भाजपा कार्यकर्ताओं ने वोट डलवाए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कम मतदान का फायदा कांग्रेस को मिलेगा।
राज्य के जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी का कहना है कि भाजपा का 400 पार का नारा पूरा होगा। भाजपा प्रत्याशी तीन लाख मतों से जीतेंगे। राजस्थान में मोदी की लहर चल रही है, हम सभी सीटें जीतेंगे और 400 का लक्ष्य पार होगा। मोदी तीसरी बार पीएम बनेंगे।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि प्रदेश में कोई व्यक्ति ऐसा नहीं है, जो मोदी से नाराज हो, चाहे वह कांग्रेसी ही क्यों ना हो। लोगों में भावना है कि मोदी का गारंटी वाला काम है, जो कहा है वो पूरा करेंगे। इस बार कोटा-बूंदी लोकसभा में अच्छा मतदान हुआ है। प्रदेश में भाजपा पूरी 25 सीटें जीतेगी।
राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी टुकडों में बंटी पड़ी है। कांग्रेस के पास पहले तो उम्मीदवार ही नहीं थे, फिर इतने हताश थे कि पहले चरण में वोट देने पोलिंग बूथ तक ही नहीं पहुंचे। पहले राउंड की वोटिंग देखकर हमारी पार्टी ने कार्यकर्ताओं को झोंक दिया इसलिए मतदान बढ़ा। भाजपा तीसरी बार 25 की 25 सीटें जीतकर हैट्रिक पूरी करेगी।
कांग्रेस की पूर्व विधायक साफिया जुबेर ने कहा कि दोनों ही पार्टियों ने शानदार चुनाव लड़ा। खासतौर से अलवर में अच्छी फाइट है, रिजल्ट कांग्रेस के पक्ष में जाएगा।