फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बड़ी खबर: फर्जी एमबीबीएस डिग्री से बन गया डॉक्टर, राजस्थान मेडिकल काउंसिल ने पंजीयन किया निरस्त

Tue, 17 Nov 2026 06:56 PM IST
जयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

राजस्थान में फर्जी एमबीबीएस डिग्री के आधार पर मेडिकल काउंसिल में पंजीयन कराने का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय और हरियाणा मेडिकल काउंसिल के सत्यापन में दस्तावेज फर्जी पाए जाने पर संदीप चौधरी का पंजीयन निरस्त कर दिया गया।

 

विज्ञापन
राजस्थान मेडिकल एजुकेशन विभाग, राजस्थान सरकार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान में फर्जी एमबीबीएस डिग्री के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल में चिकित्सक के रूप में पंजीयन कराने का मामला सामने आया है। दस्तावेजों के सत्यापन में डिग्री फर्जी पाए जाने के बाद राजस्थान मेडिकल काउंसिल ने संबंधित व्यक्ति संदीप चौधरी का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। हरियाणा के विश्वविद्यालय और मेडिकल काउंसिल से कराए गए सत्यापन में उसकी शैक्षणिक योग्यता और प्रस्तुत दस्तावेजों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।

राजस्थान मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार डॉ. गिरधर गोयल ने बताया कि संदीप चौधरी पुत्र नवीन चौधरी, निवासी 292, बोचालिया बास, मौलासर, नागौर का काउंसिल में आरएमसी-60417 क्रमांक से 1 मार्च 2023 को पंजीयन किया गया था। पंजीयन के लिए उसने पंडित बीडी शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक से एमबीबीएस उत्तीर्ण होने का प्रमाण प्रस्तुत किया था। इसी आधार पर उसका मेडिकल काउंसिल में पंजीयन किया गया था।

सत्यापन में विश्वविद्यालय ने डिग्री जारी करने से किया इनकार

विज्ञापन

डॉ. गोयल के अनुसार, पंजीयन से जुड़े दस्तावेजों की जांच के दौरान संदेह होने पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल ने मामले का सत्यापन कराने का निर्णय लिया। इसके लिए 3 अगस्त 2026 को पत्रांक 515 और 24 अगस्त 2026 को पत्रांक 585 के माध्यम से संबंधित विश्वविद्यालय और हरियाणा मेडिकल काउंसिल से जानकारी मांगी गई।

विश्वविद्यालय के अधीक्षक (परीक्षा) ने सत्यापन के जवाब में स्पष्ट किया कि संदीप चौधरी के नाम से एमबीबीएस की कोई योग्यता विश्वविद्यालय में पंजीकृत नहीं है। विश्वविद्यालय ने यह भी बताया कि उसके नाम से एमबीबीएस की कोई डिग्री जारी नहीं की गई है। इससे पंजीयन के लिए प्रस्तुत की गई शैक्षणिक योग्यता की सत्यता पर सवाल खड़े हो गए।

पढे़ं: 299 साल की हुई गुलाबी नगरी जयपुर, 300वें वर्ष में प्रवेश पर शहरभर में होंगे भव्य आयोजन

एनओसी भी जारी नहीं होने की पुष्टि

विज्ञापन
विज्ञापन

इसी तरह हरियाणा मेडिकल काउंसिल, पंचकूला ने भी सत्यापन में बताया कि संदीप चौधरी को उसकी ओर से कोई अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी नहीं किया गया है। काउंसिल ने पंजीयन के लिए प्रस्तुत दस्तावेजों को फर्जी बताया।

दोनों संस्थानों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल ने संदीप चौधरी का पंजीयन क्रमांक आरएमसी-60417 तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया।

डॉ. गोयल ने कहा कि चिकित्सा पेशे की विश्वसनीयता, पारदर्शिता और आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा काउंसिल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चिकित्सकों की शैक्षणिक योग्यता और पंजीयन से जुड़े दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन किया जाता है। फर्जी डिग्री या गलत दस्तावेजों के आधार पर चिकित्सा व्यवसाय करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें