राजस्थान में एक-एक करके सभी पार्टियां अपनी लिस्ट जारी कर रही हैं। कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी के बाद बहुजन समाज पार्टी ने भी अपनी नई लिस्ट जारी कर दी है। बसपा ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए 20 उम्मीदवारों के नाम का एलान किया है। गुरुवार रात को आम आदमी पार्टी ने भी अपनी पहली सूची जारी कर दी है। सूची में आम आदमी पार्टी ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए 23 उम्मीदवारों के नाम का एलान किया है।
राजस्थान में बहुजन समाज पार्टी ने इस सूची में 20 प्रत्याशियों के नाम का एलान किया है। मेवाड़ यानि उदयपुर संभाग की सीटों पर ही बसपा ने अपने उम्मीदवारों को उतारा है। बसपा ने विधानसभा स्पीकर और कांग्रेस के दिग्गज नेता सीपी जोशी के सामने नाथद्वारा से बाबूलाल साल्वी को टिकट दिया है।
कौन कहां से
बहुजन समाज पार्टी ने अपनी इस लिस्ट में मुंडावर से पृथ्वीराज, गोगुंदा से दलपत गरासिया, झाड़ोल से निंबाराम भील, नाथद्वारा से बाबूलाल साल्वी, कुंभलगढ़ से नारायण लाल, प्रतापगढ़ से कमल मीणा, सलूंबर से कन्हैया लाल मीणा, उदयपुर ग्रामीण से खेमराज कटारा, भीम से हुकमाराम, आसपुरा से दिलीप मीणा को टिकट दिया है। कुशलगढ़ से हरेंद्र निमामा, चौरासी से विजयपाल रोत, घाटोल से बापूलाल गणावा, गढ़ी से सूर्यलाल खाट मारवाड़ जंक्शन से गजराज कंवर, भादरा से रामनाथ शर्मा, लाडनूं से नियाज़ मोहम्मद, पोकरण से तुलसाराम, धोद से कालूराम मेहरड़ा और तारानगर से छोटूराम को चुनावी मैदान में उतारा है। तारानगर में बसपा के छोटूराम का मुकाबला नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ से होगा।
अब तक 42 उम्मीदवार उतरे मैदान में
बसपा 20 उम्मीदवारों की लिस्ट के बाद राजस्थान में अब तक कुल 42 प्रत्याशियों को चुनावी रण में उतार चुकी है। इससे पहले पार्टी 22 उम्मीदवारों को टिकट दे चुकी है। वहीं अब बसपा ने 20 प्रत्याशियों के बाद कुल 42 उम्मीदवारों को टिकट दिया है।