मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि करणपुर विधानसभा स्थगित चुनाव 2023 के लिए 12 दिसंबर को रिटर्निंग अधिकारी करणपुर द्वारा संशोधित निर्वाचन सूचना जारी करने के बाद तीसरे दिन 14 दिसंबर 2023 को एक नामांकन पत्र प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि विधानसभा करणपुर के लिए आईएनसी के प्रत्याशी के रूप में रूपिन्दर सिंह कूनर ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
करणपुर विधानसभा क्षेत्र से अब भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस प्रत्याशी सहित कुल 12 उम्मीदवार हैं। करणपुर विधानसभा स्थगित चुनाव 2023 के लिए 19 दिसंबर 2023 तक नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि होगी। 20 दिसंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी तथा 22 दिसंबर 2023 तक नामांकन पत्रों को वापिस लेने की अंतिम तिथि होगी। पांच जनवरी 2024 शुक्रवार को मतदान होगा तथा आठ जनवरी 2024 को मतों की गणना जिला मुख्यालय पर प्रातः आठ बजे प्रारम्भ होगी।
विशेष योग्यजन एवं वरिष्ठ मतदाताओं की सहायता के लिए लगेंगे स्वयं सेवक
करणपुर विधानसभा स्थगित चुनाव 2023 के दौरान मतदान दिवस पांच जनवरी 2024 के दिन विशेष योग्यजन एवं वरिष्ठ मतदाताओं की सहायता हेतु भारत स्काउट एण्ड गाइड एवं अन्य स्वयं सेवकों की सेवाएं ली जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार, आरओ करणपुर भारत स्काउट गाइड, एनसीसी, एनएसएस, एनवाईके एवं अन्य स्वयं सेवकों की पहचान कर उन्हें विभिन्न मोबाइल एप्लीकेशन यथा वीएचए, सक्षम ईसीआई, सी-विजिल, केवाईसी आदि के संबंध में पूर्ण जानकारी तथा दिव्यांगजन व वृद्धजन के संबंध में पूर्ण जानकारी एवं दिव्यांगजन व वृद्धजन के संबंध में जिले में उपलब्ध विशेष शिक्षकों के माध्यम से व्हीलचेयर हैंडलिंग एवं सांकेतिक भाषा का बेसिक प्रशिक्षण प्रदान कर सेवाएं ली जाए।
आपको बता दें कि 15 नवंबर को करणपुर विधायक और कांग्रेस पार्टी के इस सीट से उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर का बीमारी के चलते निधन हो गया था। कुन्नर करणपुर से कांग्रेस उम्मीदवार थे, ऐसे में उनके निधन के बाद करणपुर सीट पर मतदान टाल दिया गया था।