भाजपा के प्रदेश मंत्री भजन लाल शर्मा
- फोटो : Amar Ujala Digital
चुनावी साल में चुनावी रण में उतरने से पहले दोनों ही राजनीतिक दल, अपने-अपने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूती देने में लगे हुए हैं। भाजपा के प्रदेश मंत्री का दावा है कि भाजपा चुनावी वर्ष का इंतजार नहीं करती है, संगठन को मजबूत करने का काम निरंतर जारी रहता है। भाजपा राजस्थान में कांग्रेस से 100 कदम आगे चल रही है।
चुनावी साल में सभी राजनीतिक दल अपने संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर नवीन नियुक्तियों पर जोर देते हैं। राजस्थान की भाजपा इकाई के पदाधिकारियों से मिले आकड़ों के मुताबिक प्रदेश में भाजपा कांग्रेस से काफी आगे बताई जा रही है।
निरंतर मजबूत हो रहा संगठन
भाजपा के प्रदेश महामंत्री भजन लाल शर्मा ने बताया कि निरंतर चार साल से संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं को जोड़े रखने के लिए प्रदेश संगठन मंत्री चन्द्रशेखर अभी तक वर्चुअल माध्यम से और स्वयं उपस्थित होकर 16 हज़ार से ज़्यादा बूथ तक संवाद कर चुके हैं। राजस्थान में प्रदेश प्रभारी, संगठन महामंत्री, प्रदेश अध्यक्ष पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी, मोर्चों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने जिलों और मंडलों तक बैठक कर संगठन को मजबूती प्रदान की है।
भजन लाल ने बताया कि फिजिकल बैठकें, वर्चुअल बैठकें, ऑडियो ब्रिज के माध्यम से कार्यकर्ताओं से जुड़ाव बना हुआ है। इसके अलावा प्रदेश प्रभारी, संगठन महामंत्री, प्रदेश अध्यक्ष पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, जिला प्रभारीयों ने मंडल स्तर तक हजारों प्रवास दौरे कर संगठन को मजबूती प्रदान की है। प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह के सभी संभागों में दौरे हो चुके हैं और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर के द्वारा मंडल स्तर तक बैठकें की जा चुकी हैं। जिसके चलते आज भाजपा का संगठन काफी मजबूत हो गया है और कांग्रेस से 100 कदम आगे है।