बेंगलुरु में पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम और टोंक से कांग्रेस विधायक सचिन पायलट ने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में इंडियन यूथ कांग्रेस के कन्वेंशन को 'बेहतर भारत की बुनियाद' विषय पर संबोधित किया। पायलट ने कहा कि अब देश के हालात बदलने जा रहे हैं। आने वाला वक्त विपक्ष का होगा और सत्ताधारी पीएम मोदी की पार्टी बीजेपी शासन से बाहर होगी।
सचिन पायलट ने कहा, यूथ देश में कांग्रेस का भविष्य हैं और ईमानदारी से पार्टी के लिए काम करने से आपको पार्टी में पहचान और पद मिलेगा। आपको संघर्ष से घबराने की जरूरत नहीं है। सचिन ने कहा, मैंने राजस्थान में पार्टी को युवा बनाकर संघर्ष किया और वसुंधरा की प्रचंड बहुमत वाली सरकार को धराशाई करने में कामयाब हुआ।
बेहतर भारत की बुनियाद विषय पर संबोधित देते हुए पायलट बोले, बेंगलुरु ने देश की राजनीति को एक नई सोच और दिशा दी है। कर्नाटक चुनाव जीतने के बाद ही विपक्ष एकता की बात करने लगा है। अब सफलता भी मिल रही है। देश में सत्ताधारी पार्टी को घबराहट हो रही है, उसका कारण कर्नाटक के लोग हैं, जिन्होंने सत्ता को बदलने का काम किया है।
पायलट ने कहा, जनता ने पहले हिमाचल में डबल इंजन की सरकार को सबक सिखाया और अब कर्नाटक की मौजूदा सरकार ने डबल इंजन की सरकार को फेल कर दिया है। आने वाले समय में राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और तेलंगाना राज्य में कांग्रेस विधानसभा चुनाव जीतेगी। पायलट ने युवाओं से कहा, आने वाले विधानसभा चुनाव में पूरी सक्रियता के साथ जुट जाओ और पार्टी को जीत दिलाकर सफल बनाने में अपना सहयोग करो।