बीजेपी विधायक संदीप शर्मा ने विधानसभा में आज बुधवार को सदन में एक याचिका पेश करेंगे। इसमें आरजीएचएस स्कीम को बोर्ड कर्मचारियों और हाउसिंग बोर्ड में भी लागू किए जाने की मांग रखी जाएगी। आरजीएचएस स्कीम के तहत सरकारी विभागों के कर्मचारियों को नि:शुल्क इनडोर व आउटडोर ट्रीटमेंट मिलता है। इसके बदले में कर्मचारियों के वेतन से प्रीमियम की राशि की कटौती की जाती है।
विधानसभा में आज प्रश्नकाल से कार्यवाही शुरू होगी। इसमें उच्च शिक्षा, उद्योग, जनस्वास्थ्य, अभियांत्रिकी विभाग, जल संसाधन, जनजातीय क्षेत्रीय विकास विभाग, ऊर्जा, राजस्व, नगरीय विकास विभाग से संबंधित सवाल-जवाब होंगे।
सदन में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव
विधायक श्रीचंद कृपलानी प्रदेश में गांवों की सीमा में लगी चारागाह भूमि को आवश्यकता अनुसार आबादी भूमि में परिवर्तन करने के संबंध में राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ध्यानाकर्षित करेंगे। वहीं विधायक मनीष यादव (शाहपुरा कस्बा) जयपुर के बाहर से बाईपास स्वीकृत कराए जाने के संबंध में उपमुख्यंत्री का ध्यानाकर्षित करेंगे।
आज पानी की अनुदान मांगों पर होगी चर्चा
सदन में चल रही बजट पारण की प्रक्रिया के तहत आज जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, जल संसाधन एवं इंदिरा गांधी नहर परियोजना की अनुदान मांगे रखी जाएंगी। इस पर चर्चा के बाद शाम को संबंधित मंत्री जवाब पेश करेंगे।