राजस्थान सरकार ने नागौर जिले में अमित शाह का रथ बिजली के तार से टकराने के मामले में जांच के आदेश दिए हैं। अमित शाह मंगलवार को मकराना के परबतसर में रैली कर रहे थे। उसी दौरान शाह का रथ बिजली के तार से टकरा गया था। मामले को संज्ञान में लेते हुए जयपुर में संयुक्त शासन सचिव सीमा कुमार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
मंगलवार को परबतसर में रोड शो करने पहुंचे थे शाह
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के नागौर जिले के परबतसर में मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। नागौर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद गृह मंत्री अमित शाह परबतसर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने एक रोड शो में हिस्सा लिया। शाह जिस रथ पर सवार थे वह परबतसर में प्रवेश करते समय सड़क के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार को छू गया। रथ के तार से छूते ही तेज चिंगारी उठने लगी। हादसे के बाद गृह मंत्री का रोड शो रद्द कर दिया गया। सुरक्षाकर्मियों ने शाह को गाड़ी में बैठाया और उन्हें लेकर रवाना हो गए।
हमें चिंता है कि गृहमंत्री का रथ टकरा कैसे गया- सीएम गहलोत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि इससे बड़ी बौखलाहट क्या हो सकती है कि आज ये नॉन इशू (गैर मुद्दा) को इशू (मुद्दा) बना रहे हैं। राजस्थान के अंदर चुनाव जीतने के लिए ये (भाजपा) ऐसे ही राजनीति करना चाहते हैं। सीएम गहलोत ने कहा कि हमें सहानुभूति है, चिंता है कि गृहमंत्री का रथ टकरा कैसे गया। मुझे जांच करवानी पड़ेगी। अगर टकरा गया तो मैं जांच करवाऊंगा। मैं जांच के आदेश दूंगा कमिश्नर को कि कौन से रथ में बैठे थे। रथ का मालिक कौन है और टकरा कैसे गया। बहुत सीरियस बात है और यहां गृहमंत्री का रथ टकरा जाए तो मुझे चिंता होना स्वाभाविक है।